भाजपा के धरने के दौरान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद का निपटारा पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर के जयपुर लौटते ही हो गया। चन्द्रशेखर के निर्देश पर शनिवार को शाम पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी के आवास पर एकत्र हुए भाजपा नेताओं ने दोनों के बीच समझाइश कर मामले का पटाक्षेप करवाया। इस दौरान विधायक अशोक लाहोटी ने सुमन शर्मा को अपनी बडी बहन बताते हुए अपने बयान के लिए खेद जताया और माफी मांगी।
इस प्रकरण को लेकर सुबह लाहोटी और सांसद रामचरण बोहरा ने अलग अलग समय संगठन महामंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले में अपना पक्ष रखते हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। संगठन महामंत्री ने भी अन्य नेताओं से बातचीत और वीडियो क्लिप देखने के बाद शहर अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता को मध्यस्थता कर मामला समाप्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद गुप्ता ने शाम को ही देवनानी के निवास पर सबको बुला लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, सुमन शर्मा, लाहोटी और शहर अध्यक्ष गुप्ता ने वहां मिलकर बैठक की।
बैठक में गुप्ता ने संगठन महामंत्री के निर्देशों की जानकारी दी और पूरे मामले को हवा दे रहे कार्यकर्ताओं को शांत करने के निर्देश दिए। यहीं पर लाहोटी ने अपनी बात पर सुमन शर्मा से खेद जताया और भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही। इसके बाद संगठन से जुडे अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की जानकारी देते हुए गुप्ता ने बताया कि सभी नेताओं के बीच समझाइश के बाद पूरा मामला शांत हो गया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला था और पार्टी फोरम पर ही निपटा लिया गया है।