दिनभर मंथन के बाद भाजपा के 31 प्रत्याशियों की सूची जारी

liyaquat Ali
5 Min Read
photo bjp logo

 

जयपुर। प्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची बुधवार को जारी कर दी। इस सूची में अधिकांश वर्तमान विधायकों के टिकट काटकर उनके स्थान पर नए चेहरों को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में अब भाजपा ने 162 प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। दूसरी सूची में लंबित चल रहे मंत्री राजपाल सिंह शेखावत और कालीचरण सराफ अपना नाम लाने में सफल हो गए हैं।
हालांकि इसमें मंत्री बाबूलाल वर्मा और राजकुमार रिणवा, धनसिंह रावत के अलावा पूर्व मंत्री जीतमल खांट का टिकट कट गया है। इस सूची में 7 वर्तमान विधायकों को ही रिपीट किया गया है। इसमें रामगंजमंडी से टिकट काटकर चन्द्रकान्ता मेघवाल को केशोरायपाटन से प्रत्याशी बनाया गया है।
इससे पूर्व प्रत्याशियों के नामों पर मंथन के लिए दिल्ली गए भाजपा नेताओं ने बुधवार को दिनभर संभावितों के नामों पर मंथन किया। इसके लिए सुबह प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के पदाधिकारी व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर के निवास पर जुटे और लंबी मंत्रणा की।
इस दौरान सीटवार पैनल तैयार करने और मंत्रियों को टिकट देेने पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि बैठक में कुछ मंत्रियों के टिकट काटने पर सहमति प्रकट कर दी गई। इसके बाद सभी नेता पार्टी के राष्टï्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिले और टिकटों को लेकर चर्चा की। शाह के साथ हुई बैठक दौरान पहली सूची जारी होने के बाद भाजपा में मचे बवाल की जानकारी दी गई। शाह ने सभी नेताओं को बागियों से बातकर डेमेज कंट्रोल के निर्देश दिए। बैठक में ही वह सूची भी शाह को सौंपी जिन पर सभी नेताओं ने एकराय है। इसके बाद शाम को शाह की सहमति मिलने के बाद 31 प्रत्याशियों की यह सूची जारी कर दी गई।
इन विधायकों की छुट्टी
सूची में रामगढ से विधायक ज्ञान देव आहूजा, चाकूस से लक्ष्मीनारायण बैरवा, हिंडौन से राजकुमारी जाटव, श्रीडूंगरगढ से किशनाराम नाई, कठूमर से मंगलाराम कोली, बसेडी से रानी सिलोटिया, डग से रामचन्द्र सुनारीवाल, चौहटन से तरूणराय कागा, जैसलमेर से छोटू सिंह भाटी, पोकरण से शैतान सिंह, सिकराय से गीता वर्मा, अनूपगढ़ से शिमला बावरी तथा संगरिया से कृष्ण कडवा का टिकट काटा गया है। रतनगढ से राजकुमार रिणवा, केशोराय पाटन से बाबूलाल वर्मा, बांसवाडा से धनसिंह रावत तथा गढी से जीतमल खांट का टिकट उडा दिया गया है।
पार्टी में आते ही मिला टिकट
भाजपा की दूसरी लिस्ट में अन्य दलों को छोडकर पार्टी में आए नेताओं का पूरा ख्याल रखा गया है। इसमें एक दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए गुरदीप सिंह शाहपीणी को संगरिया, रतनगढ से अभिनेष महर्षि, राजाखेडा से अशोक शर्मा और नाथद्वारा से महेश प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा रामगंजमंडी से टिकट काटकर चन्द्रकान्ता मेघवाल को केशोराय पाटन से टिकट दिया गया है।
मानवेन्द्र की जगह खुमान सिंह 
भाजपा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र मानवेन्द्र सिंह के स्थान पर यहां राजपूत कार्ड खेलते हुए खुमान सिंह को टिकट दिया है। मानवेन्द्र सिंह ने गत माह ही भाजपा छोडकर कांग्रेस का दामन थामा था। इसके अलावा राज्यसभा सांसद किरोडीलाल मीणा के साथ राजपा छोडकर आई गीता वर्मा का टिकट काटा गया है।
युनूस खान पर निर्णय नहीं
मुख्यमंत्री के विश्वस्त मंत्री युनूस खान पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। दूसरी लिस्ट में भी खान का नाम शामिल नहीं किया गया है। हालांकि अभी डीडवाना  सीट से किसी को भी टिकट नहीं दिया गया है। इसके अलावा मंत्री हेमसिंह भडाना, डा.जसवंत सिंह यादव और सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी पर भी कोई निर्णय नहीं किया गया है।
आहूजा का नाम काटा चौंकाया
सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम रामगढ (अलवर) से ज्ञानदेव आहूजा के स्थान पर सुखवन्त सिंह का है। आहूजा संघनिष्ठï माने जाते हैं और प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी के निकट हैं। आहूजा की गिनती प्रदेश के कट्टïर हिंदूवादी नेताओं में होती है और वे अपने पूरे कार्यकाल में विभिन्न मांगो को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते रहें हैं। इसके अलावा बीकानेर पश्चिम से एक बार फिर उम्रदराज नेता गोपाल जोशी पर ही दांव खेला गया है। वे लगभग 82 वर्ष के हो चुके हैं।
Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *