मालवीय नगर में सराफ की घेराबंदी में जुटी कांग्रेस

liyaquat Ali
4 Min Read
मंत्री काली चरण सर्राफ

 

जयपुर। जयपुर शहर की मालवीय नगर विधानसभा सीट यूं तो परंपरागत तौर पर भाजपा के लिए मजबूत सीट मानी जाती है, पर इस बार सत्ता विरोधी लहर के चलते यहां कड़ा मुकाबला होने के आसार है। इसके चलते ही कांग्रेस में टिकट दावेदारों
की संख्या आधा दर्जन से ज्यादा हो गई है। भाजपा में चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ के लिए पार्टी के भीतर ही अब चुनौतियां पेश हो गई और उनसे नाराज कई नेताओं की निगाहें इस सीट पर टिक गई है।

मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र पर भाजपा और उसके मौजूदा विधायक प्रदेश के
केबिनेट मंत्री कालीचरण सराफ की पकड़ जबरदस्त है। सराफ को इस क्षेत्र में
व्यक्तिगत तौर पर निजी पकड़ वाला नेता माना जाता है पर इस बार चल रहे
माहौल ने उनकी चिंता भी बढ़ा दी है। इसके अलावा पार्टी के भीतर भी कई
दावेदारों ने टिकट के लिए अपना दावा पेश किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व को सराफ पर पूरा भरोसा है। इसके बावजूद इस बार उनके मंत्री रहने से कई लोगों की नाराजगी अब खुल कर सामने आने लगी है। इसके कारण ही इस क्षेत्र में अब पार्टी से टिकट की चाहत रखने वाले कई नेता
सामने आ रहे है। इनमें सबसे प्रमुख नाम राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रही
सुमन शर्मा के अलावा चिकित्सा क्षेत्र के डाक्टर एसएस अग्रवाल और पार्षद
अशोक गर्ग के नाम प्रमुखता से उभर कर सामने आये है।

पार्टी का एक खेमा सुमन शर्मा की दावेदारी सांगानेर क्षेत्र से भी जता रहा है। पार्षद अशोक गर्ग और सराफ के बीच छत्तीस का आंकड़ा है। गर्ग को आरएसएस से जुड़े लोगों का समर्थन हासिल है। गर्ग और सराफ के बीच पिछले दिनों आपस में कहासुनी भी हो गई थी। इसको लेकर प्रदेश नेतृत्व तक मामला भी पहुंच गया था।
कांग्रेस में आधा दर्जन से ज्यादा नेता दूसरी तरफ कांग्रेस में भी आधा दर्जन से ज्यादा नेता मालवीय नगर में टिकट के लिए बडे नेताओं के चक्कर लगा रहे है। प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष और प्रवक्ता डाक्टर अर्चना शर्मा सबसे प्रमुख दावेदार है। शर्मा ने पिछला
चुनाव इसी क्षेत्र से लड़ा था।

पिछली हार के बाद भी अर्चना शर्मा पूरे पांच साल तक क्षेत्र में सक्रिय बनी रही। अर्चना शर्मा का नाम जयपुर ग्रामीण इलाके की विराट नगर सीट से भी चल रहा है पर उन्हें मालवीय नगर से ही तगड़ा दावेदार माना जा रहा है। अर्चना शर्मा के अलावा कांग्रेस के कई नेताओं की निगाहें इस क्षेत्र पर भी है। इनमें राजीव अरोड़ा का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। अरोड़ा की दावेदारी आदर्श नगर सीट से मजबूत है पर किसी कारण से उन्हें क्षेत्र बदलना पड़ा तो फिर उनका दावा मालवीय नगर पर रहेगा।

अरोड़ा इस सीट से पूर्व में 2008 में भी चुनाव लड़ चुके हैं। अरोड़ा के अलावा कर्मचारी नेता महेश व्यास और युवा नेता पंकज शर्मा टिकट की कोशिशों में लगे हुए है। कांग्रेस की तरफ से बनाये गये पैनल में अर्चना शर्मा और विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुशील शर्मा के नाम है। इनके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पिछला चुनाव सांगानेर से लडने वाले संजय बाफना को भी मालवीय नगर के संभावित प्रत्याशी के तौर पर पार्टी में देखा जा रहा है।

Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *