महाराणा प्रताप व गुरू वशिष्ठ पुरस्कार विजेताओं को अब मिलेगी 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि

Dr. CHETAN THATHERA
3 Min Read

 जयपुर। पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज बड़ी घोषणा की है।अब महाराणा प्रताप पुरस्कार और गुरू वशिष्ठ पुरस्कार विजेताओं को 5-5 लाख रूपये पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के प्रोत्साहन में पुरस्कार राशि बढ़ाने की स्वीकृति दी है। एक वित्तीय वर्ष में 5 गुरू वशिष्ठ पुरस्कार तथा 5 महाराणा प्रताप पुरस्कार दिए जाएंगे। अभी तक इन पुरस्कारों में विजेताओं को 1-1 लाख रूपए की राशि से सम्मानित किया जाता रहा है। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने 29 मई, 2022 को सवाई मानसिंह स्टेडियम में लोकार्पण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह के दौरान पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की थी।

गौरतलब है कि वर्ष 2014 में महाराणा प्रताप एवं गुरू वशिष्ठ पुरस्कार की राशि 50 हजार रूपये से बढ़ाकर 1 लाख रूपये की गई थी। गहलोत के अहम फैसले से पुरस्कार राशि में अब पांच गुना बढ़ोतरी हो गई है।

अभी तक 210 खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार

गुरू वशिष्ठ पुरस्कार की शुरूआत वर्ष 1985-86 में की गई थी तथा अब तक कुल 40 उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षकों को यह पुरस्कार दिया जा चुका है। इसी प्रकार महाराणा प्रताप पुरस्कार की शुरूआत वर्ष 1982-83 में की गई थी तथा इससे अब तक कुल 170 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा चुका है। ये पुरस्कार राज्य के सर्वोत्तम खेल पुरस्कार हैं जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को प्रदान किया जाता है।

ओलंपिक, एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों में बढ़ चुकी है पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए ईनामी राशि बढ़ाई थी। इसमें स्वर्ण पदक विजेता को 75 लाख से बढ़ाकर 3 करोड़ रूपये, रजत विजेता को 50 लाख से 2 करोड़ रूपये और कांस्य पदक विजेता को 30 लाख से 1 करोड़ रूपये राशि की गई।

इसी तरह एशियाई एवं राष्ट्रमण्डल खेलों में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली 30 लाख, 20 लाख एवं 10 लाख रूपये की ईनामी राशि को बढ़ाकर क्रमशः 1 करोड़, 60 लाख एवं 30 लाख रूपये की जा चुकी है।

229 खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न नियुक्तियां

खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न पॉलिसी के आधार पर राजकीय सेवाओं में नियुक्तियां देने का भी निर्णय लिया गया। इसमें अभी तक 229 खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में नियुक्तियां दी जा चुकी है।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम