Jaipur News। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को हरियाणा के करनाल में किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस की ओर से किए गए बलप्रयोग की निंदा की है। मुख्यमंत्री गहलोत ने सोशल मीडिया पर केन्द्र सरकार से सवाल किया कि आखिर केन्द्र सरकार पर ऐसा क्या दवाब हैं, जिसके जोर से 46 दिन से आंदोलन कर रहे किसानों की मांगे नहीं मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने रविवार दोपहर ट्वीट कर लिखा कि हरियाणा के करनाल में किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस का बलप्रयोग निंदनीय है। यह हरियाणा पुलिस का निंदनीय कृत्य है। पूर्व में दिल्ली में किसान आंदोलन का समर्थन करने जा रहे राजस्थान के किसान भाइयों पर भी हरियाणा पुलिस ने इसी तरह बलप्रयोग किया था।
उन्होंने लिखा कि भाजपा शासित राज्य में ऐसी दमनकारी कार्रवाई करने की जगह केंद्र सरकार को किसानों की बात सुनकर अविलंब उनकी मांगें मान लेनी चाहिए। आखिर ऐसा किसका दबाव है जिसके कारण 46 दिन से धरना दे रहे किसानों की मांगें नहीं मानी जा रही हैं?