धौलपुर
ईनामी डकैत जगन गुर्जर के शुक्रवार को समर्पण के बाद शनिवार को बाड़ी सदर थाना पुलिस ने आम्र्स एक्ट के मामले में न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमाण्ड भर भेजने के निर्देश दिए हैं। जगन डकैत पर बाड़ी शहर व गांव कल्याणपुर में हथियारों के बल पर आंतक मचाया था। जानकारी के अनुसार बारह जून को बाड़ी शहर के हॉस्पीटल चौराहे पर बंदूक के बल पर दुकानदारों से मारपीट व गांव कल्याणपुर में महिलाओं के साथ मारपीट कर निर्वस्त्र कर गांव में घूमाया था।
इसके बाद जिले के पुुलिस के लिए जगन गुर्जर सिरदर्द बन गया था और उसे पकडऩे के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कर चंबल के बीहड़ों में खाक छानी थी। पंरतु जगन डकैत हाथ नहीं आया था। उसके बाद जिला पुलिस ने क्यूआरटी एसएसटी और स्पेशल फोर्स सहित कई टीमों को जगन की तलाश में लगा दिया था तथा पुलिस ने चंबल के बीहड़ों में छिपने में मदद करने व उनकी जरूरतों को पूरी करने वालों को पकडऩा शुरू कर दिया। इसके बाद जगन पर शिकंजा कसने लगा तथा जगन ने अपने भाईयों की गैंग छोड़कर काफी दूरी बना ली थी।
जगन डकैत को पकडऩे के लिए जयपुर पुलिस के आला अधिकारीयों ने डांग क्षेत्र में घूमकर रणनीति बनाई थी। इसके चलते जगन पर दबाव बढ़ गया और उसने अपने आप को बचाने के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों व राजनेताओं से संपर्क कर पुलिस के समक्ष समर्पण की मंशा जाहिर की। इसके बाद भरतपुर के पुलिस उपाधीक्षक ने चंबल के भभूतीपुरा में बाबू महाराज के पास शुक्रवार को 315 बोर की बंदूक व छह कारतूस के साथ समर्पण किया।
शनिवार को जगन को बाड़ी के एसीजेएम न्यायालय संख्या तीन में पेश किया। जहां पुलिस ने कहा कि डकैत से विभिन्न मामलों में पूछताछ करनी है। इसके लिए उसे रिमाण्ड की जरूरत है, तब न्यायालय ने जगन को दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेजने के निर्देश दिए हैं।