Deoli News (मनीष बागड़ी) : हनुमाननगर थाना क्षेत्र के अजमेर कोटा बाईपास पर रविवार को कार सवार करीब आधा दर्जन लोगों ने ऊंचा के पूर्व सरपंच राजेश जैन पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया। घटना के बाद पूर्व सरपंच को देवली राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। वहीं हमले की घटना से आक्रोशित सरपंच के समर्थकों ने ऊंचा गांव में देवली-भीलवाड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। जिसे बाद में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश कर खुलवाया।
जानकारी के अनुसार ऊंचा के पूर्व सरपंच राजेश जैन दोपहर को अपनी कार से गांव लौट रहे थे। इस दौरान अजमेर बाईपास पर एक निजी होटल के समीप आधा दर्जन लोगों ने कार पर हमला कर उन्हें रुकवा दिया। इसके बाद हमलावरों ने पूर्व सरपंच पर ताबड़तोड़ प्रहार करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पूर्व सरपंच को देवली राजकीय अस्पताल भर्ती कराया। इधर घटना के बाद पूर्व सरपंच के समर्थक ऊंचा गांव के ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर देवली-भीलवाड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
इस पर जहाजपुर उपखंड अधिकारी व हनुमान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीण हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए। जिस पर जहाजपुर एसडीएम ने गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम हटाया। उधर घटना से आक्रोशित कुछ ग्रामीणों ने ऊंचा गांव में हमलावरों की एक केबिन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के संबंध में पूर्व सरपंच राजेश जैन के भाई योगेश जैन ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ धारदार हथियारों से कातिलाना हमला करने आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। उधर संभावना जताई जा रही है कि गत दिनों सरपंच चुनाव के दौरान हुए विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों ने पूर्व सरपंच पर हमला किया हैं।