जयपुर। जयपुर के विधाधर नगर थाना इलाके में गुरुवार दोपहर को किराए के मकान में अवैध रुप से चल रहे गैस रिफिलिंग के गोरखधंधे के दौरान तीन कॉमर्शियल सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। सिलेण्डर फटने से मकान के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। मकान की खिडकी व दरवाजे जल गए। हादसे के चलते मकान के बाहर खड़ी एक कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं, मकान में पहली मंजिल पर किराए से रहने वाले दो बच्चे झुलस गए। एक के बाद एक हुए सिलेंडर में ब्लास्ट से आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। हालाकि आग व धमाके से कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना मिलने पर दमकल कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। तत्काल मशक्कत कर कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार यह हादसा सेक्टर 8में स्थित बीएस सक्सेना के मकान में हुआ। इस मकान में किराएदार रहते है। जानकारी के अनुसार मकान के ग्राउंड फ्लोर पर दिनेश नाम का व्यक्ति अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग का गोरखधंधा चलाता है। गुरुवार दोपहर 12बजे गैस रिफिलिंग के दौरान गैस रिसाव से तीन कॉमर्शियल सिलेंडर फट गए। मकान की दीवारें तोड़कर बाहर आ गए ब्लास्ट सिलेंडर स्थानीय लोगों के अनुसार ब्लास्ट इतना तीव्र था कि कमरे की दीवारों को तोड़ते हुए सिलेंडर बाहर आ गए। अंदर कमरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। फायर ऑफिसर जलज घसिया के मुताबिक तीन सिलेंडर फटे है। जबकि चार से पांच धमाके हुए। उन्होंने बताया कि दमकलकमियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल आग पर काबू पाया। कमरे में रखे करीब 15 सिलेंडरों को बाहर निकाला। वे अगर फट जाते और बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद दिनेश नाम का व्यक्ति वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, लोगों में आक्रोश है कि उन्होंने कई बार गैस रिफिलिंग की शिकायत की थी। लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की।