जयपुर
बीकानेर जिले के सीमावर्ती इलाके बज्जू में ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह ड्रोन को मंडराते देखा तो हलचल मच गई। ग्रामीणों ने सूचना सेना और बीएसएफ अधिकारियों को दी। सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सीमावर्ती बज्जू के संतोषनगर इलाके में बीस वाली पुली के पास में लोगों को ड्रोन मंडराते दिखाई दिया। कुछ देर मंडराने के बाद वह चला गया। लाल रंग के इस ड्रोन को देखकर लोगों में हलचल बढ़ गई। किसी ने बताया कि इस ड्रोन को सीमापार की ओर से आते देखा है। इस पर सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इसका सुराग लगा रही है। पता चला है कि यह ड्रोन तकरीबन 15 मिनट तक आसमान में मंडराता रहा जिससे वहां के लोगों में खलबली मच गई। राजस्थान से सटी करीब 1037 किलोमीटर लम्बी भारत पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इन दिनों बीएसएफ पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। युद्ध की तैयारियों के लिए पाकिस्तान ने सीमावर्ती इलाकों के अपने मोबाइल टावरों के सिग्नल नियंत्रित कर लिए है। इन टावरों से मिलने वाले संकेतों के आधार पर यह पता चला है।
इधर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा 7 और 12 मार्च से शुरू होने जा रही है। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में सीमावर्ती जिलों में हालात तनावपूर्ण है। सरकार की पूरी नजर सीमावर्ती इलाकों पर बनी हुई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आने वाले दिनों में हालात देखे जाएंगे और जरूरत पड़ी तो परीक्षाओं में परिवर्तन किया जा सकता है।