जयपुर (शिवशंकर छीपा)। आगामी विधानसभा चुनाव का रण जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र बनाने के लिए मनोनीत समिति ने समाज के विभिन्न 37 संगठनों द्वारा दिये गये विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया हैं। पार्टी के घोषणा पत्र में सम्मिलित होने वाली विभिन्न बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया।
समिति के संयोजक राजेन्द्र सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में राजस्थान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर समिति का मार्गदर्शन किया।
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शीघ्र ही भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषणा पत्र जारी करने वाला है। जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनआकांक्षाओं के अनुरूप भाजपा राजस्थान आमजन से घोषणा पत्र हेतु सुझाव आमंत्रित कर रहा है। कोई भी व्यक्ति जो इस घोषणा हेतु सुझाव प्रेषित करना चाहता है, वह निम्नलिखित माध्यमों से सुझाव भेज सकता है।
आज महिला कल्याण से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। आज की बैठक में भाजपा शासित विभिन्न राज्यों द्वारा संचालित लोककल्याणकारी योजनाओं का अध्ययन किया गया।
बैठक में राजेन्द्र राठौड़, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, गृह मंत्री गुलाबचन्द कटारिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरूण चतुर्वेदी, राजस्थान विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रौन्नति प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी उपस्थित थे। घोषणा पत्र समिति के कार्यालय प्रभारी डॉ. बीरू सिंह राठौड़ ने राजस्थान सरकार की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं और किये गये कार्यों का विवरण बैठक में प्रस्तुत किया।