Tonk News। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा एवं भाजपा पार्षदों द्वारा पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को परिंडे बांधे गए एवं पौधरोपण किया गया।
यहां नसियां के बालाजी गौशाला में पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश माहुर के मुख्य आतिथ्य में पीपल के पेड़ पर पक्षियों के पानी पीने के लिए परिंडे बांधे गए एवं पौधे लगाए गए। साथ ही परिंडों व पौधों में नियमित पानी डालने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश माहुर ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध बनाये रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं। साथ ही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए पक्षियों के पानी पीने के लिए परिंडे बांधे जाए। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व में कोरोना जैसी भयानक महामारी बड़ी तेजी के साथ फैल रही हैं इसका एक मात्र कारण मनुष्यों द्वारा प्रकृति के साथ छेड़छाड़ करना रहा है। इसलिए हम सभी को प्रकृति के साथ समन्वय बनाये रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण को बढावा देना चाहिए।
इस दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं पार्षद बीना छमुनिया, रामअवतार धाभाई, पार्षद पंकज महावर, हकीकत सौदा, रामअवतार मेहरा, रामचरण साहू, राजन मेहरा, राजेश शर्मा, बबलू टेंकर, गुड्डू खटीक, दिलीप शर्मा, अम्मू छमुनिया, शंकर विजय, महेश नामा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।