जयपुर
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने बुधवार को भाजपा के समस्त मोर्चो की सदस्यता अभियान कार्यशाला में राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत सरकार को बने हुए मात्र 5 माह ही हुए थे कि जनता ने उन्हें लोकसभा चुनाव में नकार दिया एवं 25 की 25 सीटें भाजपा को बहुमत देकर विजयी बनाया है। प्रदेश में गहलोत सरकार नकारा साबित हो रही है।
प्रदेश के महिला अत्याचारों की गूंज दिल्ली तक
राज्य में बढ़ते महिला अत्याचारों की गूंज दिल्ली तक सुनाई दे रही है। कांग्रेस सरकार ने जनता से वादा खिलाफी की है और आज तक भी किसानों का कर्जा पूर्णतया माफ नहीं हुआ है एवं युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री आधे से ज्यादा समय दिल्ली में व्यतीत करते है उन्हें जनता की कोई परवाह नहीं है। देश का ऐसा पहला राज्य है जहां 5 माह की सरकार में कुप्रबंधन देखने को मिल रहा है।
सिंह ने मोर्चों के पदाधिकारियों को कहा कि पार्टी के सभी नेता सदस्यता अभियान के लिए विस्तारक के रूप में कार्य करेंगे, जिनका उद्देश्य लोगों को पार्टी से जोडऩा एवं वृक्षारोपण करना है। सदस्यता अभियान पर्यावरण के क्षेत्र में भी एक जन अभियान साबित हो रहा है। जिसके तहत देश भर में करोड़ो पेड पौधे रोपे जाएंगे।
अरूण सिंह ने कहा कि जिस कन्हैया कुमार ने भारत तेरे टुकडे होगे जैसे नारे लगाए जनता ने उन्हें हजारों मतों से हराया। जनता ने नरेन्द्र मोदी के कार्यो की सराहना करते हुए पुन: एक तिहाई बहुमत देकर सरकार बनाने में योगदान दिया है।
कार्यशाला में सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय सह संयोजक अरूण चतुर्वेदी, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक सतीश पूनियां, प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, वीरमदेव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कोठारी, प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच, जिलाध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, जिला मंत्री लक्ष्मीकांत पारीक, जयपुर शहर सदस्यता अभियान के जिला संयोजक पुनीत कर्नावट उपस्थित रहे।