जयपुर
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि भाजपा ने चुनाव जीतकर जहां संगठन के नए अभियान शुरू कर दिए हैं वहीं अभी कांग्रेस में अध्यक्ष का ही पता नहीं है। वहां अभी तक यह भी तय नहीं है कि उनका अध्यक्ष बनेगा या नहीं बनेगा। सिंह शनिवार को भाजपा के सदस्यता अभियान के शुभारंभ मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पदमश्री पुरस्कार विजेता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 26 लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाकर अभियान का विधिवत आगाज किया गया।
राजनीतिक दल भाजपा
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक दल भाजपा के प्रति एक वर्ग में भय का माहौल पैदा कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को यह माहौल दूर कर उन्हें बताना है कि पीएम मोदी की नीति है कि सब भाई-भाई है और साथ मिलकर देश को आगे बढाएंगे। कार्यकर्ता उस समुदाय से डर निकालने का भी संकल्प लें। कांग्रेस ने तो आतंक का ही मजहब तय कर दिया था, जबकि आतंक का कोई धर्म और मजहब नहीं होता है।
जनसंघ की स्थापना के बाद पहली बार 3 सांसद
इससे पूर्व कार्यकर्ताओं को सिंह ने बताया कि जनसंघ की स्थापना के बाद पहली बार 3 सांसद जीतकर लोकसभा पहुंचे थे यह संख्या अब 303 तक पहुंच गई है। इसका श्रेय उन्होंने डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को दिया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की स्थापना के बाद 1984 में दो सदस्य जीते थे जिन्हें सभी कहते थे कि आप दो और आपके पीछे दो। अब उसी पार्टी ने लगातार स्पष्टï बहुमत के साथ दूसरी बार सरकार बनाई है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि गत लोकसभा चुनावों में भाजपा को 37 प्रतिशत और एनडीए को 45 प्रतिशत वोट मिले हैं। इतना ही नहीं 17 राज्यों में तो भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिले हैं वहीं केन्द्रशासित प्रदेशो सहित 17 राज्यों में तो कांग्रेस का खाता ही नहीं खुला। कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि अगले चुनावों में भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक वोट दिलाए जाएंगे।