शनि अमावस्या पर मंदिरों में हुए कई धार्मिक कार्यक्रम

Dr. CHETAN THATHERA
2 Min Read

Jodhpur News। शनि अमावस्या पर शनिवार को शहर के सभी शनि मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में शनि भगवान की प्रतिमा पर तेल चढ़ाया गया। साथ ही सुख-समृद्धि, शांति और विश्व को कोरोना महामारी से मुक्ति दिलाने की मांग की गई।

प्रतापनगर पुलिस चौकी के सामने स्थित हनुमान शनिधाम में भी कई आयोजन किए गए। मंदिर के पुजारी गोपाल महाराज ने बताया कि सुबह ध्वजारोहण के बाद संकल्प पूजा की गई।

इसके बाद शनिदेव का गंगाजल, गुलाब जल इत्र व सरसों के तेल से अभिषेक व शृंगार किया गया। यहां आज सर्व बाधा निवारण हवन भी किया गया। साथ ही आने वाले भक्तों को अभिषेक किया हुआ दर्द निवारक तेल निशुल्क दिया गया।

साथ ही 23 हजार शनि मंत्रों के जाप द्वारा सिद्ध की हुई अंगूठियां भक्तों को दी गई। शाम सात बजे महाआरती होगी।

शास्त्रीनगर सेक्टर ए स्थित चमत्कार दक्षिण मुख सिगनापुर सिद्ध पीठ शनिधाम में शनि अमावस्या महोत्सव विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया गया।

शनिधाम में तेलाभिषेक करने के साथ महंत पंडित हेमन्त बोहरा द्वारा विधिविधान से श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना कराई गई। महंत पंडित हेमन्त बोहरा ने बताया कि पितृदोष, कालसर्प दोष, मंगल दोष, शनि ढय्या, साढ़े साती, शनि महादशा, राहु केतु, शनि दोष व समस्त दोषों के निवारण का अति दुर्लभ दिवस शनि अमावस्या माना गया है।

आज शनि अमावस्या पर यहां सुबह ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम प्रारंभ हुए। सुबह मंगला आरती, श्रृंगार आरती और राजभोग आरती के साथ दोपहर 12 बजे जन्म महाआरती की गई। शाम को शनि सत्र नामावली, शनि तेलाभिषेक किया जाएगा। उसके बाद रात आठ बजे महाआरती होगी।

Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम