मोदी से बात करने का इंतजार करते रह गए भाजपा कार्यकर्ता, पीएम ने किया सीधा संवाद

liyaquat Ali
3 Min Read

 

जयपुर
लोकसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेने और कार्यकर्ताओ को जीत का मंत्र देने के लिए गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस संगठन से संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ता वीडियो कान्फ्रेन्स के माध्यम से पीएम मोदी से रूबरू हुए। कार्यक्रम में पीएम ने संगठनात्मक विषयों पर बात की। हालांकि यह संवाद कार्यक्रम प्रदेश के 1032 मण्डलों में आयोजित किया गया लेकिन प्रदेश कार्यकर्ताओं से मोदी का सीधा संवाद नहीं हो पाया। इससे कार्यकर्ताओं को निराशा हाथ लगी।
जयपुर के संस्कृ ति कॉलेज सभागार में हुए संवाद कार्यक्रम के दौरान आईटी सेल के पदाधिकारियों का फेलियर भी सामने आ गया। यहां अचानक संवाद कार्यक्रम के बीच ही स्क्रीन पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के मोदी सरकार पर आरोप की खबर चलने लगी। भाजपा आईटी विभाग की टीम ने प्रोजेक्टर पर दूरदर्शन के बजाय एक निजी न्यूज चैनल लगा दिया। जिसमें मोदी का संवाद का सीधा प्रसारण चलाया जा रहा था। इसमें सुरजेवाला कहते दिखाई दिए कि जब देश वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन की वापसी के लिए व्याकुल है तो उस वक्त प्रधानमंत्री सत्ता में बने रहने के लिए व्याकुल हैं। कांग्रेस ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग पर संवाद कर रहे हैं।
अलग अलग जगह हुए प्रसारण
कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर में अनेक स्थानों पर वीडियो कान्फ्रेन्सिंग की व्यवस्था की गई थी। इसमें पार्टी कार्यकर्ता तय समय पर वहां पहुंच गए लेकिन अन्य राज्यों के कार्यकर्ताओं से संवाद होने के कारण पीएम मोदी का प्रदेश के कार्यकर्ताओं से संवाद नहीं हो पाया। राजधानी में आदर्शनगर में सेवा सदन और संस्कृति कालेज मानसरोवर में यह कार्यक्रम हुआ। आदर्शनगर में कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित पार्टी पदाधिकारियों और संस्कृति कालेज में प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी, शहर अध्यक्ष मोहन लाल गुप्ता, जिला संगठन प्रभारी वासुदेव देवनानी के साथ ही प्रदेश मंत्री मुकेश दाधीच, सुमन शर्मा, अलका गुर्जर, अशोक सैनी, विधायक किरण माहेश्वरी, विधायक अनिता भदेल, महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष मधु शर्मा, सांगानेर प्रभारी कृष्ण मोहन शर्मा, मालवीय नगर प्रभारी कुलवंत सिंह, पूर्व सांसद जसकौर मीणा, पूर्व विधायक बीरू सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।
संवाद कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही संस्कृति कालेज का सभागार कार्यकर्ताओं से पूरा भर गया था। ऐसे में कार्यकर्ताओं के भाषण के स्थान पर देशभक्ति गीत सुनाए गए। कार्यक्रम शुरू होने से पहले देशभक्ति गीतों से कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया गया। इन गीतों को सुनकर कार्यकर्ता बार बार भारत माता की जय के नारे लगाते रहे।
Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *