जयपुर
लोकसभा चुनावों की तैयारी के तहत प्रदेश भाजपा चुनावों से पहले अपने सभी जमीनी कार्यकर्ताओं से संपर्क करेगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा साथ ही कार्यकर्ताओं को सक्रिय भी किया जाएगा, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीट पर जीत दर्ज की जा सके। भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता दस दिन तक प्रत्येक पोलिंग बूथ पर जाकर अपनी इकाई को मजबूत करेंगे। इस दौरान कमजोर बूथ पर कार्यकर्ताओ की मजबूत टीम खडी की जाएगी। इसके लिए भाजपा के राष्टï्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने दो मार्च तक बूथ इकाई को मजबूत करने का काम पूरा करने का लक्ष्य दिया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2014 और विधानसभा चुनाव 2018 में पार्टी के प्रदर्शन के आधार पर पोलिंग बूथ को ए, बी और सी केटेगरी में विभाजित है। इसमें ए श्रेणी में ऐसे बूथ शामिल किए गए हैं जहां भाजपा हमेशा जीत दर्ज करती है। जिन पोलिंग बूथ पर भाजपा को कभी हार कभी जीत मिलती है, उन्हें बी श्रेणी में रखा गया है और सी केटेगरी में ऐसे बूथ शामिल किए गए हैं जहां भाजपा को कभी जीत नहीं मिली है।
पार्टी ने सी श्रेणी के बूथों पर फोकस कर अपना जनाधार बढाने के लिए कहा है। राष्टï्रीय नेतृत्व का मानना है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सभी पोलिंग बूथ पर संगठन की मजबूत टीम खडी जाए और प्रत्येक पोलिंग बूथ एक व्यक्ति को रोजाना पार्टी का सदस्य बनाया जाए।
इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं की संख्या भी बढेगी। ऐसे में इन बी व सी श्रेणी के बूथों को मजबूत करने के लिए पार्टी के सभी नेता अभियान चलाकर अपने क्षेत्रों में लोगों से मिलेंगे और बूथ इकाई को मजबूती देंगे। पार्टी नेतृत्व से मिले निर्देशों के अनुसार प्रदेश भाजपा के सभी अभियान और कार्यक्रम 2 मार्च तक समाप्त कर लिए जाएंगे तथा उसकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी जाएगी। इसके बाद चुनाव प्रचार का दौर शुरू हो जाएगा। जिसके पहले चरण में संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन किया जाएगा।