भाजपा के मंत्रियों में टिकट कटने डर से सीएम के दर पर डाला डेरा

liyaquat Ali
3 Min Read

 

जयपुर। राज्य मंत्रिपरिषद के अधिकांश सदस्यों का पहली सूची में टिकट तय कर दिया गया तथा बचे हुए अन्य मंत्री और विधायक का टिकट कटना तय माना जा रहा है। इन सूचनाओं के बाद मंत्रियों ने मुख्यमंत्री ड्योढ़ी पर पहुंचकर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।  इस कडी में मंगलवार को केबिनेट मंत्री यूनूस खान, कालीचरण सराफ, हेमसिंह भडाना, राजपाल सिंह शेखावत, बाबूलाल वर्मा, सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी, विधायक भवानी सिंह राजावत, प्रेम चंद बैरवा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रा सिंह सहित कई विधायक एवं नेता मुख्यमंत्री से मिले और दूसरी लिस्ट में अपना नाम शामिल कराए जाने की पैरवी की। इसके अलावा संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुडला, उप मुख्य सचेतक मदन राठौड़, विधायक जगदीश मीणा, पूर्व विधायक कन्हैया लाल मीणा,भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्माए युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक सैनी ने भी सीएम से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं से अलग-अलग बात की। हालांकि किसी भी नेता ने यह खुलासा नहीं किया कि उनकी मुख्यमंत्री से क्या बात हुई। टिकट कटने से नाराज रामगंज मंडी विधायक चंद्रकांता मेघवाल भी सीएम से मिली। मुलाकात के बाद मेघवाल ने कहा कि मैं बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव नहीं लडूंगी। हम सब मिलकर पार्टी को जिताने के लिए काम करेंगे। पार्टी ने वरिष्ठ नेता मदन दिलावर को टिकट दिया है। हमारे बीच कोई नाराजगी नहीं है।
ये मंत्री टिकट के इंतजार में
भाजपा की ओर से जारी की गई पहली सूची में मंत्री यूनुस खान, उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, सामान्य प्रशासन मंत्री हेमसिंह भड़ाना, श्रम मंत्री डा.जसवंत यादव, खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, खान मंत्री सुरेंद्र पाल टीटी, देवस्थान मंत्री राजकुमार रिणवा, ग्रामीण विकास पंचायती राज्य मंत्री धन सिंह रावत का नाम नहीं है।
पहली लिस्ट आने के बाद रूठे कार्यकर्ताओं और विधायकों को मनाने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी सहित अन्य वरिष्ठ नेता सक्रिय हो गए। ये रूठे हुए नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात एवं फोन के माध्यम से संपर्क साधे हुए हैं। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए ओम माथुर ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता कद्दावर नेता है। पार्टी में टिकट वितरण की प्रक्रिया माइक्रो मैनेजमेंट से की गई है। 131 में केवल एक-दो जगह विरोध हुआ है। सभी कार्यकर्ता पार्टी के लिए पूरी समर्पित है। टिकट वितरण सही तरीके से हुआ है और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *