राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशी नामांकन के अंतिम दिन 13 मार्च को पर्चा भरेंगे।
Jaipur News । इस महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशी नामांकन के अंतिम दिन 13 मार्च को पर्चा भरेंगे। हालांकि दोनों ही राष्ट्रीय दलों कांग्रेस और बीजेपी ने अभी तक प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की हैं। माना जा रहा है कि दोनों ही दल चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद अब जल्द ही अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकते हैं। दोनों ही दलों में इसके लिए उच्च स्तर पर मंथन चल रहा है।
राज्यसभा सांसद के लिए दोनों पार्टियों के कई दिग्गज लाइन में हैं। उम्मीद है बीजेपी-कांग्रेस जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगी। विधायकों के संख्याबल के हिसाब से कांग्रेस पार्टी को तीन में से दो सीटें मिलेंगी, जबकि विपक्षी भाजपा को एक सीट मिलेगी। संख्या बल के हिसाब से यदि कोई बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो दो सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है।
भाजपा में उम्मीदवारी को लेकर पूरा फोकस स्थानीय नेता को लेकर किया जा रहा है। चर्चा में नाम भी स्थानीय नेताओं के है। भाजपा से पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री सी आर चौधरी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। उन्हें नागौर से वर्तमान चर्चित आर एल पी के सांसद हनुमान बेनीवाल को भाजपा ने समझौते के तहत लोकसभा सीट देने की वजह से सांसद बनने से वंचित होना पड़ा था ।
सी आर चौधरी को पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया दोनों का समर्थन बताया जाता है। उनका दिल्ली में भी पार्टी नेताओं से अच्छा सम्पर्क है। भाजपा में दूसरा नाम प्रदेश में कृषि मंत्री रहे प्रभूलाल सैनी का बताया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी इसी कतार में माने जा रहे है। लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी का टिकट स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ आरएसएस की पसंद जानने के बाद ही घोषित किया जाएगा।
दूसरी तरफ कांग्रेस में एक प्रत्याशी केन्द्रीय नेताओं में से और दूसरा स्थानीय में से रहेगा। प्रत्याशी को लेकर कवायद मुख्यमंत्री अशोक गहलेात के स्तर पर की जा रही है। गहलोत शनिवारको दिल्ली गए थे वे रविवार दोपहर बाद लौटे है। गहलोत ने को दिल्ली में पार्टी आलाकमान सोनिया गांधी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि अब प्रत्याशियों के नामों की घोषणा किसी भी क्षण हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार राज्यसभा चुनाव के नाम को लेकर सोनिया गांधी को नाम भेजे गए हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पाण्डे इन चुनावों को लेकर काफी सक्रिय हैं। वे प्रत्याशियों के नामों का पैनल आलाकमान को सौंप चुके हैं।
सूत्रों की मानें तो स्थानीय नेताओं में पूर्व सांसद भंवर जितेंद्र सिंह काफी मजबूत दावेदार हैं। केन्द्रीय नेताओं में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का नाम दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के बीच चर्चा में है।
राजस्थान से कांग्रेस के दिग्गज पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी राज्यसभा में है। राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के प्रभारी अविनाश पाण्डे और कई नेताओं का नाम भी पिछले कई दिनों से सुर्खयि़ों में है। पाण्डे और कई अन्य नेताओं से मिल चुके हैं। वे मुख्यमंत्री गहलोत के भी बहुत निकट बताये जाते है और उनकी पहल को मुख्यमंत्री का भी समर्थन बताया जाता है।
दूसरी ओर वागड़ क्षेत्र में भारतीय ट्राइबल पार्टी बीटीपी के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए कांग्रेस हाईकमान बांसवाडा और उदयपुर से सांसद रहे दिग्गज आदिवासी नेताओं को राज्यसभा का टिकट देने पर भी विचार कर रहा है।
3 सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना गत शुक्रवार को जारी कर दी है।अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन-पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।आवश्यक होने पर राज्यसभा सांसद के लिए मतदान 26 मार्च को होगा।राज्यसभा चुनाव के लिए 13 मार्च तक नामांकन-पत्र दाखिल किए जा सकेंगे. 16 मार्च को नामांकन-पत्रों की जांच होगी और 18 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 26 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा ।
राज्य निर्वाचन आयोग ने भी चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली है।उल्लेखनीय है कि भाजपा के तीन निवर्तमान सांसदों विजय गोयल ,नारायण पंचारिया और रामनारायण डूडी के कार्यकाल पूरा होने की वजह से यह चुनाव हो रहे हैं।