CM Ashok Gehlot: सीएम गहलोत का छलका दर्द, ‘अगर राजस्थान पुलिस भी बीजेपी कार्यालय में घुसकर मारपीट करे तो उन पर क्या बीतेगी?

Sameer Ur Rehman
4 Min Read

जयपुर (Jaipur) । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ और केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना (Agnipath Scheme) के विरोध में आज दिल्ली के जंतर मंतर पर एआईसीसी के हुए सत्याग्रह आंदोलन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सत्याग्रह आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan CM Ashok Gehlot) का दर्द उस बात को लेकर छलका जिसमें बीते दिनों एआईसीसी मुख्यालय में घुसकर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के साथ मारपीट की थी।

 मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब प्रमुख विपक्षी पार्टी के मुख्यालय में ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नहीं जाने दिया गया और तो और दिल्ली पुलिस ने जबरन कार्यालय का गेट तोड़कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के साथ मारपीट की। सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार है, अगर राजस्थान में भाजपा शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रही है,धरना दे रही है तो क्या हम भी उनके साथ वही व्यवहार करें जो दिल्ली पुलिस ने हमारे साथ किया था।

 राजस्थान पुलिस बीजेपी के कार्यालय में घुसकर मारपीट करें तो क्या उन्हें सही लगेगा।

 सीएम गहलोत ने कहा लेकिन हमारे संस्कार ऐसे नहीं है हम महात्मा गांधी के अहिंसा के सिद्धांत में यकीन रखते हैं।

गहलोत ने कहा कि हमारे कार्यालय पर बंदिशें लगाई गई, कार्यकर्ताओं नेताओं को जाने से रोका गया, उन्हें हिरासत में लिया गया।

 गहलोत ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वीकार करना चाहिए कि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय में गलत काम किया था। दिल्ली पुलिस को अपने व्यवहार में सुधार लाना चाहिए।

 

मेरी वजह से मेरे भाई को किया जा रहा है परेशान 

 

सीएम गहलोत (CM Ashok Gehlot) ने कहा कि मैंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित कर दिया है लेकिन मेरे भाई और उसके परिवार से किसी का भी संबंध राजनीति से नहीं है लेकिन बावजूद इसके मेरे कारण मेरे भाई को परेशान किया जा रहा है। पहले उस पर ईडी की कार्यवाही की गई,अब सीबीआई की कार्रवाई की गई है और इनकम टैक्स की कार्रवाई होना बाकी है। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई को गुजरात में कोई नहीं जानता। इसी तरीके से मेरे भाई को भी कोई नहीं जानता लेकिन बावजूद इसके कार्रवाई करना कहां तक उचित है?

 

भाजपा नेताओं का संविधान और लोकतंत्र में विश्वास नहीं

 

 मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी और केंद्र की मोदी सरकार को फासिस्टवादी करार देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी के लोगों का संविधान और लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। यह केवल लोकतंत्र का मुखौटा लगाकर काम करते हैं लेकिन इनकी सोच बहुत खतरनाक है। उन्होंने कहा कि आज देश में चारों तरफ हिंसा और नफरत का माहौल है।

 बीजेपी के लोग हिंदू मुसलमान करके ध्रुवीकरण करके चुनाव जीतना चाहते हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि पता नहीं यह देश किस दिशा में जाएगा, लेकिन आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वह लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए आगे आए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता अहिंसा और लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। इसीलिए कांग्रेस कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं देश भर में लेकिन कहीं से भी कोई हिंसा की खबर नहीं आई है, क्योंकि हम महात्मा गांधी के सिद्धांतों को मानते और कांग्रेस पार्टी के सिद्धांत महात्मा गांधी के समय से चले आ रहे हैं।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/