13 जून को टोंक में किसानों की महापंचायत होगी आयोजित
सोहेला गोलीकांड की बरसी को मनाएंगे किसानों के बलिदान के रूप में
टोंक(फ़िरोज़ उस्मानी)। जब तक किसानों की लड़ाई लड़ने वाले लोग विधानसभा व लोकसभा में नही जाएंगे तब तक ना तस्वीर बदलेगी और ना ही तक़दीर । इसलिए किसान अपनी खुद की पार्टी बनाएंगे। हम किसी पार्टी को समर्थन नही देंगे, जो पार्टी किसानों की बात करेगी वो ही पार्टी हमे अपना समर्थन दे सकती है। ये कहना है किसान महा पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट का। जो सोहेला गोलीकांड की बरसी 13 जून को किसानों के बलिदान के रूप में मनाएंगे। इस महापंचायत में किसानों को श्रदांजलि देकर किसान राज के लिए किसानों की नई पार्टी का गठन भी किया जाएगा।राजस्थान भर से आए किसानों की सर्वसम्मति से नई पार्टी का गठन होगा। किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस निर्णय ने टोंक की राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। दैनिक रिपोर्टर्स से किसान महा पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट से हुई खास बातचीत में उन्होंने 13 जून को टोंक के हाट बाजार में होने वाली किसान महा पंचायत व उसमे गठित होने वाली नई पार्टी के उद्देश्य बताए।
किसानों की समस्याओं का हो निस्तारण
रामपाल जाट का कहना है कि भाजपा व कांग्रेस पार्टियों द्वारा किसानों को वोट के नाम पर ठगा गया है। लेकिन देश का किसान जागरूक है। उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य किसानों की सुनिश्चित आय व मूल्य के अधिकार विधेयक को पारित कराना और किसानों की समस्यों का निस्तारण होना रहेगा।
किसान पार्टी बनाएंगे
रामपाल जाट का कहना है कि नीति निर्धारण किसानों के हाथ मे आना बहुत ज़रूरी है। किसान स्वयं अपनी पार्टी बनाकर चुनाव में उतरेगा। अपने हक़ की लड़ाई लड़ेगा।13 जून को होने वाली महापंचायत में हज़ारो किसान जुटेंगे। सर्वसम्मति से निर्णय लेकर किसानों की नई पार्टी का गठन किया जायेगा। आने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनाव में पार्टी के कैंडिडेट उतरेगी। जिसका निर्णय भी गांव की पंचायत के लोग करेंगे।