अलवर। अरावली विहार थाना अंतर्गत चोर डूंगरी के समीप रविवार की रात करीब 8 बजे घर में खाने खाते समय एक परिवार पर घर में घुसकर वन्यजीव जरख ने हमला कर दिया। हमले में एक ही परिवार के 5 सदस्य गंभीर घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुन आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए पहुंचे और जरख पर हमला किया। जरख के हमले से बचाव में लोगो ने जरख पर भी हमला किया। जिससे जरख की मौके पर ही मौत हो गई। सभी घायलों को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।
अचानक हुए हमले से कॉलोनी में दहशत का माहौल है। घायलों में 10 साल की बच्ची पायल और माँ गुड्डी व उसके पिता देवकरण सहित परिवार के प्रवीण सहित अन्य लोग शामिल है। घटना की सूचना पर पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। गौरतलब है कि जंगलों में बढ़ते मानवीय दबाव के कारण वन्य जीव अब शहर की ओर रुख करने लगे हैं। पूर्व में भी शहर में पैंथर आने की घटनाएं हो चुकी है। ऐसे में जंगल से सटी कॉलोनियों में हमेशा लोगों में दहशत का माहौल रहता है।