मुंबई / फर्जी टीआरपी मामले में मुंबई पुलिस ने न्यूज चैनल रिपब्लिक के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने अर्नब को उनके घर से हिरासत में लिया है।
इससे पहले अर्नब ने पुलिस पर अपने साथ मारपीट का आरोप लगाया। रिपब्लिक टीवी ने अर्नब के घर के लाइव फुटेज भी दिखाए जिसमें पुलिस और अर्नब के बीच झड़प होती दिख रही है।
अर्नब गोस्वामी का कहना है कि मुंबई पुलिस ने उनकी सास, सुसर, बेटे और पत्नी के साथ मारपीट की। रिपब्लिक टीवी पर प्ले की गई वीडियो के मुताबिक मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के साथ भी मारपीट की। स्क्रीनशॉट रिपब्लिक टीवी से।
जानकारी के अनुसार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी गत 05 मई 2018 को अलीबाग के कावीर गांव में आर्किटेक्ट अन्वय नाईक व उनकी मां की आत्महत्या के सिलसिले में की गई है। अन्वय नाईक ने आत्महत्या से पहले लिखे पत्र में अर्नब गोस्वामी, फिरोज शेख और नीतेश शारदा के नाम का उल्लेख किया था। इन तीनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की बात भी लिखी थी। इस मामले की शिकायत अन्वय नाईक की पत्नी अक्षता नाईक ने की थी। इसी वजह से इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही थी। इस मामले में बुधवार को मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के घर की तलाशी लिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।