Jaipur news / Dainik reporter – राजस्थान विधानसभा के गुरुवार से शुरू होने जा रहे विशेष सत्र में केवल संविधान पर ही चर्चा होगी। सत्र के दौरान प्रश्नकाल ,शून्यकाल और विधायी कार्य नहीं होंगे। सत्र के दो दिन चलने की संभावना है। विधायकों को बोलने के लिए समय निर्धारित किया जाएगा। वे केवल संविधान को लेकर अपने विचार व्यक्त कर सकेंगे।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी.जोशी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां विधानसभा में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत के संविधान एवं मूल सहित विशेष सत्र पर विचार विमर्श हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल, सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी, सरकारी उपमुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी, उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, भारतीय ट्राईबल पार्टी के रामप्रसाद, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के पुखराज, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के बलराम पूनिया सहित विधानसभा के सचिव प्रमिल कुमार माथुर उपस्थित थे।