जयपुर
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में 11 लाख नए सदस्य बनाएगी। सदस्यता अभियान के दौरान भाजपा का फोकस नरेंद्र मोदी सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं के लाभार्थियों पर होगा। भाजपा लाभार्थियों को पार्टी से जोडने का प्रयास करेगी। इसके लिए जिलास्तर पर कार्यकर्ताओं को निर्देशित कर दिया गया है। भाजपा का सदस्यता अभियान 6 से 11 अगस्त तक चलेगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक हर सक्रिय सदस्य को 100 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर 6 जुलाई से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान के तहत नए सदस्य बनाने का कार्य किया जाएगा। इसमें पिछली बार के मुकाबले इस वर्ष 20 प्रतिशत अधिक सदस्य पार्टी से जोडें जाएंगे। केंद्रीय भाजपा ने राज्य इकाई को निर्देश दिए है कि मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पार्टी से जोडा जाएगा। देशभर में मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं के करीब 22 करोड लाभार्थी है। इसी क्रम में प्रदेश में पिछली भाजपा सरकार और केन्द्र सरकार के लाभार्थियों की संख्या भी लगभग दो करोड है। भाजपा इन लाभार्थियों से सम्पर्क करेगी और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाने का प्रयास करेगी।
इसके साथ ही पार्टी युवाओं को साथ लेने के लिए कालेज तथा विश्वविद्यालयों में भी सदस्यता अभियान चलाएगी। अभियान की कार्ययोजना के तहत ग्रामीण इलाकों में पार्टी कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर सदस्यत बनाएंगे वहीं शहरी इलाको में युवाओं पर फोकस रहेगा। साथ ही युवाओं को सक्रिय सदस्य बनाने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। इस बार पार्टी ने प्रदेश में 1.25 लाख सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। बूथ स्तर पर अभियान के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है। साथ ही पार्टी नेताओं ने उन बूथों की सूची तैयार की है जहां गत लोकसभा चुनावों में कम वोट मिले थे। इन बूथों पर फोकस करने के लिए भी कहा गया है।