जयपुर
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी के निधन के बाद मंगलवार सुबह उनका शव पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताटों व आमजन के दर्शनार्थ रखा गया। इस दौरान प्रदेश के सभी दलों के बडे नेताओं ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर सैनी को अंतिम दर्शन किए। सैनी को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी भाजपा कार्यालय आए। सैनी का सोमवार शाम को फैंफडों में संक्रमण के कारण दिल्ली में निधन हो गया था।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सतीश और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कैलाश चौधरी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने उनके पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद रथनुमा वाहन में सैनी की पार्थिव देह को सीकर के लिए रवाना किया गया।
उनके साथ भाजपा के सैंकडों कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी सीकर रवाना हुए। जिस वाहन में सैनी की पार्थिव देह रखी गई उसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, विधायक सतीश पूनिया और उपनेता राजेंद्र राठौड़ सहित केंद्रीय मंत्री और कई सांसद भी सवार रहे।
भाजपा मुख्यालय पहुंचे सीएम गहलोत ने सैनी के पार्थिव देह पर पुष्प चक्रअर्पित कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने सैनी क पुत्र मनोज सैनी को ढाढस बंधाया और संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सैनी के निधन का समाचार सुनकर उन्हें बड़ा आश्चर्य हुआ। कुछ दिन पहले ही उनसे फोन पर बात हुई थी। मैं ईश्वर से प्रार्थन करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदार करे और उनके परिवार को इस कष्ट को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सैनी के निधन से राजस्थान की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। इस दौरान गहलोत वहां करीब 15 मिनट रुके। उनके साथ शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासरा, चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा और विधायक हरीश चौधरी थे। गहलोत के जाने के कुछ देर बाद उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने सैनी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पायलट ने कहा कि राजनीति में एक दूसरे के विचारों का सम्मान करना हमारे संस्कारों में है। सैनी साधारण परिवार से थे और कार्यकर्ताओं के बीच हमेशा रहें।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सैनी के निधन से भाजपा और उन्हें व्यक्तिगत क्षति होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मदन लाल सैनी ऐसे भाजपा नेता थे जो हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच कार्यकर्ता की तरह रहे और उन्होंने हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा को राजस्थान में बुलंदियों तक पहुंचाया।
पार्टी कार्यालय में सैनी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। इस दौरान प्रदेशभर से कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शनों के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां पहुंचने वाले हर शख्श की जुबां पर एक ही बात थी कि सैनी जमीन से जुडे नेता थे तथा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद भी उन्हें घमण्ड छू भी नहीं सका था। सैनी की सादगी और उनका सीकर से जयपुर का नियमित रूप से बस से सफर करना भी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।