जयपुर
विधानसभा चुनाव में फतह के लिए भाजपा ने पूरी ताकत और रणनीति के तहत प्रचार अभियान पूरा किया। यहां सभी 199 सीटों पर चुनावों के लिए बडे नेताओं ने रैलियों और सभाओं के माध्यम से जनमानस को लुभाने का प्रयत्न किया है। चुनाव प्रचार परवान पर चढने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य भाजपा नेताओं ने 223 बडी सभाओं और चुनावी रैलियों को सम्बोधित किया वहीं अलग अलग स्थानों पर सात रोड शो भी किए गए।
प्रदेश में सबसे ज्यादा डिमांड उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रही। योगी ने राजस्थान में भाजपा में तूफानी चुनाव प्रचार किया। उन्होंने 5 दिन में 24 जनसभाओं को सम्बोधित किया। छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने प्रदेश में केवल एक जनसभा की वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी दो दिनो में पांच चुनावी सभाओं को सम्बोधित किया।
भाजपा के चुनाव प्रचार का पूरा दारोमदार मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर रहा और उन्होंने गौरव यात्रा के बाद प्रचार के लिए 15 दिन में 75 जनसभाओं को सम्बोधित किया और दो स्थानों पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो किया। विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ही भाजपा का चेहरा बनी रही। राजे ने रोजाना औसतन पांच जनसभाओं को सम्बोधित किया। राजे के बाद सबसे अधिक जनसभा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने की, उन्होंने 11 दिन में 40 जनसभाओं को संबोधित किया। जिन स्थानों पर प्रधानमंत्री नहीं जा पाए, उन स्थानों पर अमित शाह पर चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाला। चुनाव प्रचार के साथ शाह ने संगठनात्मक बैठको का दौर भी जारी रखा। शाह ने आठ धार्मिक स्थलों के दर्शन किए और 28 विभिन्न संगठनात्मक एवं समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मेलन सम्बोधित किए।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दौसा और पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को सम्बोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अजमेर शहर में रोड शो किया। शाह ने अजमेर जिले के आठ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के साथ रोड शो किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बुधवार को उदयपुर जिले की खैरवाडा, बांसवाडा जिले की बागीदौरा, कोटा जिले के सांगोद में जनसभा को सम्बोधित किया। राजे ने बारां में रोड शो भी किया।
भाजपा नेताओं का यह रहा चुनावी कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 दिनों में 13 जनसभाएं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 16 दिनों में 20 जनसभा और चार रोड शो।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 15 दिनों में 75 जनसभाएं, दो रोड शो।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह 6 दिनों में 17 जनसभा।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 5 दिनों में 24 जनसभा।
नीतिन गडकरी 2 दिनों में तीन जनसभा और एक रोड शो।
स्मृति ईरानी 3 दिन 8 जनसभा।
चौधरी वीरेंद्र सिंह 3 दिन चार कार्यक्रम।
हेमा मालिनी एक दिन 4 कार्यक्रम।
केशव प्रसाद मौर्य 3 दिन 6 कार्यक्रम।
शहनवाज हुसैन 1 दिन तीन कार्यक्रम।
रमन सिंह एक दिन एक कार्यक्रम।
शिवराज सिंह दो दिन पांच कार्यक्रम।
मदन लाल सैनी 11 दिन 40 जनसभा।