टोक्यो ओलंपिक के लिए अमेरिका से जापान रवाना हुईं मीराबाई चानू

Reporters Dainik Reporters
2 Min Read
File Photo - Mirabai Chanu

सेंट लुइस। अनुभवी भारतीय महिला भारोत्तोलक सैखोम मीराबाई चानू (Mirabai Chanu ) यहां सेंट लुइस, संयुक्त राज्य अमेरिका में अपनी अंतिम तैयारी पूरी करने के बाद टोक्यो ओलंपिक के लिए जापान रवाना हो गई हैं। टोक्यो ओलंपिक की शुरूआत 23 जुलाई से हो रही है।

मीराबाई ने संयुक्त राज्य अमेरिका में राष्ट्रीय कोच विजय शर्मा और सहायक कोच संदीप कुमार के देखरेख में 50-दिवसीय प्रशिक्षण लिया, जिसे लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) द्वारा स्वीकृत किया गया था।

49 किग्रा वर्ग की भारोत्तोलक मीराबाई के साथ उनके कोच विजय शर्मा,संदीप कुमार और प्रमोद शर्मा के साथ फिजियोथेरेपिस्ट आलाप जावड़ेकर भी होंगे।

पिछले साल स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच डॉ. आरोन हॉर्शिग के साथ दो महीने के कार्यकाल के बाद अमेरिका में यह उनका दूसरा कार्यकाल था। पिछले कार्यकाल के दौरान उनकी पीठ के निचले हिस्से और कंधे की समस्याओं का समाधान किया गया था।

टोक्यो ओलंपिक के बड़े मंच पर चानू की यह दूसरी उपस्थिति होगी। उन्होंने इससे पहले महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था। हालाँकि, वह रियो में कोई पदक नहीं जीत सकीं थीं।

हालाँकि, 2017 में संयुक्त राज्य अमेरिका में हुए विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में उन्होंने कुल 194 किलोग्राम (85 किलोग्राम स्नैच और 109 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क) का रिकॉर्ड भार उठाकर महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।

इसके बाद उन्होंने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और 2019 एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में क्लीन एंड जर्क में 49 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था।

Share This Article
[email protected], Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.