ग्यारहवीं शादी में पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन
उदयपुर । रुपयों के लिए अपनी ही पत्नी की शादी दूसरों से करवाने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं पति ने पत्नी की इच्छा से उसकी शादी एक दो नहीं 11 बार करवाई। जी हां, मामला लुटेरी दुल्हन गैंग से जुडा है। इस गैंग का मुखिया पति अपनी पत्नी को ही लुटेरी दुल्हन बनाकर भेजता और घर को लूटने के बाद दोनों फरार हो जाते। फर्जी शादी कर चार से छह महीने में ही पतियों से लूटपाट कर फरार होने वाली फर्जी दुल्हन और उसके पति को आखिर पुलिस ने दबोच लिया। फर्जी दुल्हन ने एक दो नहीं कई शादी कर ली थी और जब वह एक अन्य शादी करने जा रही थी तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसने रिश्ता पक्का कर लिया था और शादी की तैयारी में थी। उसे उसके पति के साथ अरेस्ट कर लिया गया। इस फर्जी दुल्हन को उदयपुर जिले की जावर माइंस थाना पुलिस ने अरेस्ट किया है। उसकी गैंग में दो तीन अन्य युवतियां भी थीं। उसने उदयपुर, डूंगरपुर, राजसमंद और आस-पास के अन्य जिलों में ये शादियां की थीं। दरअसल इस मामले में डबोक थाना क्षेत्र के गुडली निवासी पवन कुमार जैन और उसकी पत्नी ममता उर्फ माशाफ बानो को टीडी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। दोनों उदयपुर में ही किसी जैन परिवार के घर रिश्ता तय करने जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि ममता के खिलाफ इनके जावर माइंस थाना क्षेत्र स्थित गोल मार्केट निवासी अनिल जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अनिल के छोटे भाई अशोक कुमार जैन की शादी पिछले साल 17 जुलाई को बेलगांव (कर्नाटक) निवासी मैत्रावती से हुई थी। यह शादी आरोपी दंपत्ति ने अशोक के परिजनों ने पांच लाख रुपए लेकर कराई थी। मैत्रावती तीन महीने ससुराल में रहने के बाद फरार हो गई। पुलिस को उसकी भी तलाश है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार ममता और उसका पति पवन अपने गैंग में दो-तीन अन्य युवतियों को भी रखते थे। अव्वल तो शादी ममता ही करती थी लेकिन कई बार जब उसकी शादी के दौरान ही दूसरा शिकार फंसता था तो वह अपनी गैंग की ही एक युवती को शादी करने भेज देती थी।