टोंक। हाईवे किनारे टोंक शहर में संचालित अवैध बूचड़खाना पर रोक लगाने की मांग को लेकर शहर के लोग लामबंद होने लगे हैं। अवैध बूचडखानों पर रोक के लिए अवैध बूचडखाना हटाओ समिति का गठन सोमवार को आयोजित शहर के लोगों की बैठक में किया गया गया है।
बैठक में समिति का संयोजक विष्णु गुप्ता व सचिव एडवोकेट देवी प्रसाद तिवारी तथा मीडिया प्रभारी व प्रवक्ता दुर्गेश गुप्ता को बनाया है। इस दौरान शहर के लोगों ने अवैध बूचड़खाने से होने वाली परेशानियाें पर चर्चा की। समिति संयोजक विष्णु गुप्ता ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे पर बना बूचड़खाने पर सील किया हुआ है,
लेकिन उसके आसपास के क्षेत्र में उगे घने बबूल व आसपास के मकान में बड़ी संख्या में अवैध बूचडखाने चल रहे हैं। जहां पर घायल व बीमार पशुओं को बड़ी संख्या में काटा जा रहा है। उसके अपशिष्ट पदार्थ आसपास के क्षेत्र में फेंके जा रहे है।
इसकी वजह से बहुत गंदी दुर्गंध उठती है। आसपास की कॉलोनी में रहना भी दुश्वार हो रहा है। गंभीर बीमारियों की आशंका सदैव बनी रहती है।
इन अवैध बुचडखानों को तुरंत प्रभाव से बंद करने के लिए समिति की ओर से टोंक जिला कलेक्टर, पुलिस अधिक्षक, नगर परिषद व राजस्थान सरकार को ज्ञापन दिया जाएगा।
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बेनी प्रसाद जैन, एडवोकेट बृजमोहन शर्मा, एडवोकेट अनिल कासलीवाल, बाबूलाल जैन, एडवोकेट विक्रम जैन, तारा खत्री, प्रमोद साईवाल, घनश्याम रघुवानी, गोलू जैन, ओम विजय, निहालचंद जैन, आशीष तिवारी, राकेश मोदी, गोविंद गर्ग, अनिल आंडरा, उत्तम जैन, विवेक शर्मा, धरम संघी, अतुल गर्ग, दुर्गा शंकर शर्मा, राकेश गोयल आदि ने विचार व्यक्त किए।