टोंक
राज्य में लोकसभा चुनावों में भाजपा के प्रचार की रणभेरी बजाने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी टोंक आएंगे। यहां मोदी भाजपा की पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा के नेताओं ने तैयारियां पूरी कर ली है। उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के निर्वाचन क्षेत्र में हो रही इस चुनावी सभा को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा ने इसके लिए टोंक सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र में आने वाली 8 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा नेताओं को भीड़ जुटाने का टारगेट भी दिया है। टोंक के पवेलियन ग्राउंड में होने वाली सभा सभा को विजय संकल्प सभा का नाम दिया गया है। सभा में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा नेता क्षेत्र के लोगों को पीले चावल बांटकर आने का निमंत्रण दे रहे हैं। सभा में करीब डेढ़ लाख लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है।
बता दें कि टोंक सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र में गंगापुर, बामनवास, सवाई माधोपुर और खंडार 4 विधानसभा सीटों से 65 हजार और अन्य चार सीटों से 85 हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है।
सभा करीब 11 बजे शुरू होगी लेकिन मोदी दोपहर 1 बजे यहां पहुंचेंगे और 1 घंटे रुकने के बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे। माना जा रहा है कि इस सभा के दौरान चुनाव को साधते हुए पीएम कई सौगातें भी दे सकते हैं। सभा में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर , राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, स्थानीय सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया और टोंक सवाई माधोपुर में आने वाली 8 विधानसभा सीटों के पार्टी प्रत्याशी रहे नेताओं के साथ ही प्रदेश के कई आला नेता मौजूद रहेंगे।