सचिन पायलट ने टोंक में किया 43 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का शिलान्यास/लोेकार्पण

Sameer Ur Rehman
4 Min Read

 टोंक। प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक  सचिन पायलट आज टोंक के दौरे पर रहे जहां अमीनपुरा से छानबाससूर्या पर बनास नदी पर वेन्टेड कॉजवे निर्माण कार्य के शिलान्यास सहित लगभग 43 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण किया।  पायलट ने ग्राम बालापुरा (ग्रा.पं. बावड़ी) तथा बाहेड़ा (ग्रा.पं. अलियारी) में विगत् दिनों आकाशीय बिजली गिरने से मारे गये लोगों के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। 

 केन्द्र सरकार पर प्रहार करते हुए श्री पायलट ने कहा कि कालाधन वापस लाने, महंगाई मिटाने व बेरोजगारी दूर करने का वादा कर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार के सभी वादे झूठे निकले। भाजपा के राज में महंगाई आसमान छू रही है। आम आदमी को कोई मदद नहीं मिल रही है। किसान विरोधी केन्द्र सरकार तीन काले कृषि कानून लेकर आयी जिसे किसानों के लम्बे संघर्ष के बाद सरकार को वापस लेना पड़ा।

किसानों की फसल पर मिलने वाला बोनस बंद हो कर दिया गया, समर्थन मूल्य पर फसल की खरीद नहीं हो रही है। भाजपा के राज में किसान पूरी तरह से निराश हो चुका है। भाजपा सरकार अब अग्निपथ योजना लेकर आयी है। उन्होंने कहा कि सालों से सेना में भर्ती होने का इंतजार कर रहे युवाओं के सपनों को इस अग्निपथ योजना ने कुठाराघात किया है। अब सेना में भर्ती होने वाले नौजवान चार साल में सेना से बाहर कर दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता के घमण्ड में चूर भाजपा सरकारी संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है। ई.डी., इनकमटैक्स, सी.बी.आई. जैसी सरकारी संस्थाओं के माध्यम से विपक्ष के नेताओं की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हमारी पूंजी है और इसे हमे संभाल कर रखना है, मजबूत बनाना है।

  पायलट ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप लोगों से सीधा संवाद स्थापित हो इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत मुख्यालयों की जगह आज गांवों के दौरे के कार्यक्रम बनाये गये है। आज कोई चुनाव नहीं है, कोई त्यौहार नहीं है, मैं सिर्फ आप लोगों से मिलने आया हूं, यहां चल रहे विकास के कामों का जायजा लेने आया हूं। आपने जो भी मांगे रखी है उन्हें पूरा किया जायेगा। जनता के कामों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।

पायलट ने निम्नलिखित कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण किया: 25 करोड़ रूपये की स्वीकृत राशि से 1.20 कि.मी. लम्बाई अमीनपुरा से छानबाससूर्या पर बनास नदी पर वेन्टेड कॉजवे निर्माण कार्य का शिलान्यास, 13 करोड़ रूपये की स्वीकृत राशि से झिराना-टोड़ारायसिंह-केकड़ी सड़क (स्टेट हाईवे-116) का चौड़ाईकरण एवं सुदृढीकरण कार्य का लोकार्पण, 4.22 करोड़ रूपये की स्वीकृत राशि से (1) रतवाई से बावडी वाया गोपालपुरा सड़क कार्य तथा (2) खरेड़ा से छान बाससूर्या वाया मोडाल्या सड़क कार्य का लोकार्पण, ग्राम पंचायत छान बाससूर्या में 40 लाख रूपये स्वीकृत राशि से निर्मित होने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र, जैकमाबाद का शिलान्यास, ग्राम पंचायत छान बाससूर्या में 40 लाख रूपये स्वीकृत राशि से निर्मित होने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र, छाणबास सूर्या का शिलान्यास, ग्राम पंचायत छान बाससूर्या में 25 लाख रूपये स्वीकृत राशि से निर्मित पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण, ग्रा.पं. पालड़ा के ग्राम तालिबपुरा में 10 लाख रूपये की स्वीकृत राशि से निर्मित सी.सी. सड़क मय नाली का लोकार्पण, ग्रा.पं. ताखोली के ग्राम ताखोली में 10 लाख रूपये की स्वीकृत राशि से निर्मित सी.सी. सड़क का लोकार्पण.साथ में कांग्रेस जिला अध्यक्ष लक्ष्मण गाता जी, सऊद सईदी,  टोंक प्रधान सुनीता फागण राजस्थान सरपंच संघ उपाध्यक्ष हंसराज फागना सहित सभी प्रमुख कांग्रेसजन मोजुद रहे।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/