किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल चरमरा गई है_पायलट

Sameer Ur Rehman
6 Min Read

 

बूथ कार्यकर्ताओं के बढ़े मनोबल ने उप चुनाव में जीत दिलवाई,

आगामी विधानसभा चुनाव भी बूथ कार्यकर्ताओं की शक्ति से जीतेंगे : पायलट

टोंक। आज जनता उम्मीद से कांग्रेस पार्टी की ओर देख रही है और पिछले चार वर्षों में विपक्ष में होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है तो उसका श्रेय किसी एक नेता को नहीं बल्कि बूथ पर बैठे उस हर कार्यकर्ता को जाता है जिसने कांग्रेस के झण्डे को बुरे समय में भी झुकने नहीं दिया। हमें उम्मीद है कि कांग्रेस के सिपाहियों का यह जोश कम नहीं होगा और इसी कड़ी मेहनत से हम इस भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगे।

उक्त विचार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  सचिन पायलट ने

 गॉंधी खेल मैदान, हॉयर सैकेण्डरी स्कूल, टोंक में अजमेर सम्भाग का

‘‘मेरा बूथ मेरा गौरव’’ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि विगत् विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता सौंपी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इस जनादेश का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता ने बहुत विश्वास के साथ भाजपा को यह अवसर दिया था, लेकिन आज जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्थिति बहुत चिंताजनक है, किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल चरमरा गई है, इतना ही नहीं महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में बेतहाशा वृद्धि होने के साथ ही दलितों पर उत्पीडऩ के मामलों में राजस्थान देश में अन्य राज्यों से बहुत आगे निकल गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सकी और वे तमाम वादे जिनके सहारे भाजपा ने अपनी सरकार बनाई थी, वे सभी कागजों तक सिमट कर रह गये। उन्होंने कहा कि जनता को सहूलियत पहुॅंचना तो दूर, समय-समय पर भाजपा के जनविरोधी फैसलों ने जनता की कमर तोडऩे का काम किया है और मॅंहगाई के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है। भ्रष्टाचार, अपराध, बढ़ती मॅंहगाई व गरीब तबकों का शोषण भाजपा सरकार की मुख्य उपब्धियां हैं।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी  अविनाश पाण्डे ने कहा कि जिस भारी संख्या में यहॉं कार्यकर्ता उपस्थित हुए हैं, यह इस बात का प्रतीक है कि कांग्रेस हर चुनौती के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आज हम यहॉं से संकल्प लेकर जाए कि आगामी विधानसभा चुनाव में हम सभी को मिलकर ब्लॉक स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाकर हर बूथ पर पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करनी है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें रणनीति बनाकर बूथ स्तर पर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करने के साथ-साथ कांग्रेस की जनसेवी विचारधारा को जन-जन तक पहुॅंचाना है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. सी. पी. जोशी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने देश में भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं, जितने भी भ्रष्ट और घोटाले करने वाले पूॅंजीपति हैं वे सभी भाजपा से जुड़े हुए हैं।  उन्होंने कहा कि भाजपा की शह से इन सभी पूॅंजीपतियों ने जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को वर्तमान स्थितियों को समझकर भाजपा की सच्चाई को उजागर करने की आवश्यकता है और यह तभी सम्भव हो पायेगा जब बूथ स्तर पर बैठा कार्यकर्ता पूरी जानकारी रखेगा।

कार्यक्रम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोहन प्रकाश ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यकर्ता सम्मेलन का महत्व कार्यकर्ताओं को समझते हुए इस जनविरोधी भाजपा सरकार  को घेरने के लिए बहुत आवश्यक है कि हर बूथ पर कांग्रेस का सिपाही जनता के समक्ष भाजपा सरकार की कुनीतियों को उजागर करे। उन्होंने कहा कि 2014 में जनता ने नरेन्द्र मोदी की मीठी-मीठी बातों में आकर सत्ता उन्हें सौंप दी, लेकिन मोदी के चुनावी जुमलों ने जनता के साथ विश्वासघात किया जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा जनता के दर्द को समझकर उसका निवारण करने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा ने जनता को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है।

कार्यक्रम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सहप्रभारी राजस्थान  विवेक बंसल,  काजी मोहम्मद निजामुद्दीन,  देवेन्द्र यादव,  तरूण कुमार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीना सहित अजमेर सम्भाग के अनेक नेताओं ने सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में आए चार संभागों कार्यकर्ताओं में सबसे ज्यादा टोंक देहांत से आए नवनियुक्त  देहांत अध्यक्ष रामसिंह मुकुल ने दो दिन में ही अपनी काबिलियत दिखाई है और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है ।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *