दोपहर तक तपती धूप में इन्तजार के बाद भरना पड़ता है पानी
अलीगढ़ / बनेठा, (शिवराज मीना / संजय सेन)। उपखण्ड क्षैत्र के उपतहसील मुख्यालय बनेठा पर जलदाय विभाग की अनदेखी के कारण कई वार्डो में ग्रामीणों को पेयजल संकट का भारी सामना करना पड रहा है। वही जलदाय विभाग द्वारा नलों में पेयजल सप्लाई का समय निश्चित नहीं होने से लोगों में विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। कस्बे में पेयजल सप्लाई दोपहर बाद तक होती रहती है जिसके कारण ग्रामीणों को तपती धूप में पीने के पानी का जुगाड करना पड रहा है।
बनेठा कस्बे के बालाजी का बाग, बस स्टैंड, वार्ड संख्या 4, वार्ड संख्या 6, रैगरों का मौहल्ला, छतरी चौराहा, छोटा बाजार, मैन मार्केट, पोस्ट ऑफिस मौहल्ला, पूर्व सरपंच हरिराज सिंह के मौहल्ले में पिछले एक माह से पानी समय पर नहीं आने के कारण पेयजल संकट का सामना करना पड रहा है। कई लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में रोजाना नलों में पीने का पानी भी नसीब नही हो रहा है। जलदाय विभाग के अधिकारियों की अनदेखी से पेयजल सप्लाई का समय भी निश्चित नही है कभी सुबह 7 बजे पानी सप्लाई किया जाता है तो कभी दोपहर 12 बजे। ग्रामीण नलों में पानी भरने के लिए दोपहर तक इंतजार करते रहते है। कई बार जलदाय विभाग के जेईएन को शिकायत करने के पश्चात् भी आज तक उन्होनें समस्या का समाधान करना तो दूर निरीक्षण करना भी मुनासिब नही समझा। पिछले एक पखवाड़े से पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है।
गौरतलब है कि बनेठा कस्बे में पिछले एक माह से जलदाय विभाग की पेयजल सप्लाई व्यवस्था चरमरा गई है। इन दिनों कस्बे के लोगों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड रहा है, जबकि बनेठा क्षैत्र में पानी की कोई कमी नहीं है। बनास नदी में जलदाय विभाग के कुएं और बोरिंग लगे है मगर फिर भी विभाग की अनदेखी के चलते जनता को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड रहा है। ग्रामीणों ने नलो में पेयजल सप्लाई का समय निश्चित कर प्रेसर से नलो में पानी सप्लाई कराने की मांग की है।
जानकारी पर इस बारे में जलदाय विभाग जेईएन मेजरद्दीन ने बताया कि बनेठा कस्बे में अलग-अलग वार्डो में पानी सप्लाई करने के लिए वाल्व लगे है जो बारी बारी से खोलते है। नलो में शीघ्र ही पानी की सप्लाई करने की कोशिश की जायेगी।