जयपुर
प्रदेश के बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। भर्तियों का पिटारा खोलते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पटवारियों के 3 हजार 825 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। वहीं कृषि उपज मंडी समितियों के लिए कनिष्ठ लिपिक के 801 पदों के लिए भी मंजूरी जारी कर दी गई है।
जल्द ही राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को इनकी अनुशंषा भिजवाई जाएगी। छबडा एवं कालीसिंध पावर प्रोजेक्ट के लिए भी 220 पद सृजित किए जाएंगे। सीएम गहलोत ने शनिवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। गहलोत ने कहा है कि पूर्ववर्ती सरकार ने पटवारी के 2 हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी दी थी, लेकिन उनमें से एक भी पद पर भर्ती नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने इन 2 हजार पदों के साथ ही 1835 और पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी है।
छबड़ा एवं कालीसिंध पावर प्रोजेक्ट में नए पदों के प्रस्ताव के अनुसार तकनीकी अधिकारी, अधीनस्थ तकनीकी कार्मिक, गैर तकनीकी अधिकारी, मंत्रालयिक कार्मिक, चतुर्थ श्रेणी कार्मिक तथा टैक्नीकल वर्कमैन के नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है।