नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन कर सतीश पूनियां ने कार्यकर्ताओं को अपने हाथों से चाय दी

satish poonia

Rajsamand News। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने शनिवार सुबह नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की खुशहाली की कामना की। भाजपा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद डॉ. पूनियां ने कार्यकर्ताओं के आग्रह पर श्रीनाथजी मंदिर के बाहर चाय की थड़ी पर चाय पर चर्चा की। इस दौरान डॉ. पूनियां ने कार्यकर्ताओं को चाय पिलाई और संवाद किया। राजसमंद से सहाड़ा जाते समय सडक़ किनारे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भोजन कर संवाद किया। उन्होंने सुबह की चाय से लेकर दोपहर के भोजन तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित किया। नाथद्वारा से राजसमंद जाते समय राजसमंद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. पूनियां का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया।

डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा के समर्थन में जनता का सैलाब नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगा। राजसमंद की जनता ने विकास के लिए भाजपा का बोर्ड बनाने का निश्चय कर लिया है और आगामी विधानसभा उप चुनाव और चुनाव में भी मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से निश्चित रूप से भाजपा की जीत होगी।

डॉ. पूनियां ने राजसमंद के भाजपा कार्यालय में सांसद दीया कुमारी, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पुरोहित एवं अन्य वरिष्ठ जिला पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक और आगामी चुनाव को लेकर बैठक में संवाद किया।