Pali News। तखतगढ़ थाना क्षेत्र से बीते दिनों दो महिलाओं को बेवकूफ बनाकर सस्ते सोने के बिस्किट दिलाने के नाम पर जेवरात की ठगी करने वाली दो महिला आरोपितों को पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंदसौर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने बताया कि 12 फरवरी को तखतगढ़ की रामदेव गली निवासी प्यारी देवी ने रिपोर्ट दी थी कि नौ फरवरी को दोपहर के समय वह अपनी सहेली गोदावरी पत्नी जुहारमल लोहार के घर गई थी। वहां दो अज्ञात महिलाएं आईं और उन्होंने सस्ते दामों पर सोने के बिस्किट दिलाने का झांसा दिया। इस पर वे उनके झांसे में आ गई। उन्होंने एक प्लास्टिक की थैली दी, जिसमें छोटी-छोटी बहुत सारी बिस्किट थी। थैली के ऐवज में दोनों औरतें मंगलसूत्र (वजन करीब आधा तोला), झुमका जोड़ी (वजन करीब आधा तोला) व नकद 20 हजार रुपये ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर ऐसी महिलाओं की तलाश शुरू की।
इस संबंध में गठित किए पुलिस दल ने मध्यप्रदेश के मंदसौर से सुमन बेन (32) पत्नी महादेव भाई बावरी निवासी सुभाष नगर झोंपड़ पट्टी थाना नोबेल नगर अहमदाबाद तथा सुधा बेन (50) पत्नी स्व. रमेश भाई बावरी निवासी सुभाष नगर झोंपड़ पट्टी थाना नोबेल नगर अहमदाबाद को गिरफ्तार किया।