केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि भारत के हिस्से का पानी पाकिस्तान नहीं जाने दिया जाएगा। इसके लिए कार्य योजना बनाकर उस पर अमल करना शुरू कर दिया गया है। वे जोधपुर प्रवास पर थे। वे शनिवार सुबह रेल मार्ग से जोधपुर आए थे, लेकिन यहां कुछ देर बाद ही पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली के निधन की खबर के बाद उन्होंने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार 5 मिलियन इकोनोमिक्स की ओर अग्रसर है, जिसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने सिंधु नदी की बात करते हुए कहा कि भारत के हिस्से का पानी जो कि भारत के आम नागरिक, किसान के हिस्से का पानी है, उसे पाकिस्तान नहीं जाने दिया जाएगा।
इसके लिए सरकार ने अपने शुरुआती दौर की कवायद शुरू भी कर दी है। इससे पहले जोधपुर पहुंचने पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्टेशन पर स्वागत किया। रेलवे स्टेशन से वे अपने निवास पहुंचे, जहां पर भारी भीड़ ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान शेखावत ने अपने घर पर व्यक्तिगत और जनसमस्याएंं लेकर आए शहरवासियों की जनसुनवाई में पीड़ा सुनी और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जेटली का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। भाजपा के संभाग मीडिया प्रमुख अचलसिंह मेड़तिया के अनुसार केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने एक दिवसीय प्रवास के दौरान कुछ कार्यक्रमों में भाग लिया। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता व पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन की सूचना मिलते ही सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। जेटली के निधन पर दुख जाहिर करते हुए शेखावत ने कहा कि वे हमारे आदर्श और पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। उनको देश कभी भूल नहीं पाएगा।
आज पार्टी के लिए बहुत ही दु:खद दिन है। पार्टी ने एक ऐसे नेता को खोया है, जो पार्टी की शुरुआत से अब तक पार्टी के साथ था। शेखावत ने कहा कि अरुण जेटली मेरे गुरु भी रहे हैं। उनका निधन भाजपा परिवार एवं देश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जेटली राजनीति के पुरोधा थे। शेखावत ने कहा कि देश ने एक अनुभवी राजनेता, वरिष्ठ कानूनविद्ध व जनता का हितैषी खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करे व परिवारजनों को इस कष्ट को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।