जयपुर
राज्य विधानसभा में प्रश्नकाल में अब भाजपा का वह सदस्य ही मौजूद रहेगा,जिसका सवाल आने वाला होगा। इसकी शुरुआत बुधवार से हो गई। दरअसल पूरक प्रश्न पूछे जाने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी की व्यवस्था से नाराज प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया ने हंगामे के बीच इस फैसले की घोषणा की। इसके बाद सदन में विपक्ष का वही सदस्य रहा जिसका सवाल आने वाला था।
विधानसभा में अध्यक्षीय व्यवस्था को लेकर गतिरोध कायम
इससे पहले विधानसभा में अध्यक्षीय व्यवस्था को लेकर गतिरोध कायम रहा और लगातार तीसरे दिन प्रश्नकाल में भाजपा सदस्यों ने वैल में आकर नारेबाजी और हंगामा किया। तीन से चार मिनट चले हंगामे के बाद प्रतिपक्ष नेता ने ऐलान कर दिया कि जब सवाल ही नहीं पूछने दिए जा रहे हैं तो सदन में मौजूद रहने का क्या मतलब? अब से भाजपा का वही सदस्य प्रश्नकाल में मौजूद रहेगा जिसका प्रश्न होगा। इस दौरान उनकी विधानसभा अध्यक्ष से तीखी झड़प हुई। जोशी ने सदन की संचालन के नियमों की किताब दिखाते हुए साफ किया कि इसके अनुसार ही होगा। इसके बाद विपक्ष के सदस्य सदन से वॉकआउट कर गए।
बेरोजगारी भत्ते के स्पष्ट आंकड़े
हंगामा भाजपा के कालीचरण सराफ के बेरोजगारी भत्ते को लेकर किए गए सवाल के कौशल नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री अशोक चांदना के जवाब को लेकर हुआ। भाजपा सदस्य उनसे बेरोजगारी भत्ते के स्पष्ट आंकड़े मांग रहे थे। इसी दौरान प्रतिपक्ष के नेता ने जानना चाहा कि जनजातीय क्षेत्रों में भत्ता पाने वालों की संख्या कितनी है? चांदना के जवाब देने के बाद जब सदस्यों ने पूरक प्रश्न पूछने चाहे तो अध्यक्ष ने इजाजत देने से इनकार करते हुए अगला सवाल पुकार लिया। इससे नाराज भाजपा सदस्य वैल में आ गए और अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब चार मिनट के हंगामे के बाद भाजपा सदस्य ने सदन से बर्हिगमन कर दिया।
इससे पहले चांदना ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा सम्बल योजना के तहत 16 जुलाई तक 29 हजार 19 और नए पात्र बेरोजगार लोगों को जोड़ा गया है। पूर्व की योजना एवं मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में 30 मई,2019 तक 69 करोड़ 42 लाख रुपए का भुगतान पात्र बेरोजगारों को किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पूर्व की योजना में 40 हजार 118 पात्र बेरोजगार लोगों को लाभान्वित किया जा रहा था। उन्होंने ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व की योजना के तहत 15 दिसम्बर, 2018 से 31 जनवरी,2019 तक पंजीकृत बेरोजगारों को 14 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। सराफ के मूल प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि राज्य के समस्त रोजगार कार्यालयों में 31 मई, 2019 को 10 लाख 3 हजार 652 शिक्षित बेरोजगार पंजीकृत थे।