कलराज मिश्र बने राजस्थान के नए राज्यपाल

liyaquat Ali
2 Min Read

जयपुर

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र को राजस्थान का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले कार्यकाल में वे केन्द्र सरकार मेें मंत्री रहे। इस बार वे लोकसभा चुनाव नहीं लड़े, तभी सेकयास लगाए जा रहे थे कि मिश्र को बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। जुलाई में ही हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 78 वर्षीय उत्तर प्रदेश निवासी  मिश्र भाजपा के बड़े नेता माने जाते है और संघ पृष्ठभूमि से आते हैं। राज्यपाल कल्याण सिंह का पांच साल का कार्यकाल सोमवार को पूरा हो रहा है।

मिश्र का राजस्थान से पहले भी नाता रहा हैं। मिश्र वर्ष,2004 में राजस्थान भाजपा के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं। मिश्र प्रदेश की सामाजिक, राजनीतिक और भौगोलिक स्थिति के अच्छे जानकार हैं। लंबे समय तक उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रहे मिश्र पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। यह संयोग की बात है कि राजस्थान के राज्यपाल नियुक्त किए गए मिश्र भी उत्तर प्रदेश के हैं। उन्हें हिमाचल प्रदेश से तबादला कर राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, वहीं वर्तमान राज्यपाल कल्याण सिंह भी उत्तर प्रदेश से हैं।

सिंह के कार्यकाल पूरा होने के साथ ही प्रदेश में राज्यपालों के कार्यकाल पूरा नहीं करने को लेकर बना हुआ वह मिथक भी टूट जाएगा। गत 52 साल से कोई भी राज्यपाल अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया। ऐसा वर्ष,1967 के बाद पहली बार होगा। प्रदेश में गत 52 बरसों में 40 राज्यपाल नियुक्त किए गए। इनमें से 17 राज्यपाल दूसरे प्रदेशों के थे। उन्हें समय-समय पर राजस्थान का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया था। इनके अलावा 23 पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किए गए, इनमें वर्तमान राज्यपाल कल्याण सिंह भी शामिल हैं।

Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *