जयपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा

liyaquat Ali
2 Min Read

पाकिस्तान विस्थापितों को भारतीय नागरिकता मिलते ही दिल से बोले वंदे मातरम

 

Jaipur News / Dainik reporter – पाकिस्तान से कष्टपूर्ण जीवन छोडकर भारत में आए 21 पाक विस्थापितों को बुधवार को भारतीय नागरिकता मिली। इस दौरान जिला कलेक्ट्रेट में संभागीय आयुक्त के.सी.वर्मा और जिला कलक्टर जगरूप सिंह यादव ने भारतीय गणराज्य की नागरिकता के प्रमाणपत्र सौंपे।

अधिकारिक रूप से भारतीय नागरिक की पहचान मिलते ही जिला कलेक्ट्रेट सभागार वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। इस दौरान 11 वर्षीय प्रियांशी माहेश्वरी को भी भारत की नागरिकता सौंपी गई।

राजधानी में अलग अलग स्थानों पर रह रहे ये पाक विस्थापित यहां मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। सभी लोग वर्षों पहले पाकिस्तान छोडकर जयपुर आ गए थे और यहीं पर रह रहे थे।

इससे पूर्व गत 14 अक्टूबर को भी यहां 14 लोगों को भारतीय नागरिकता दी गई थी। जिला कलक्टर जगरूप सिंह यादव ने बताया कि दो माह में 35 पाक विस्थापितों को भारत की नागरिकता प्रदान की गई है। ये लोग पाकिस्तान से विस्थापित होने के बाद यहां अधूरी पहचान के साथ रह रहे थे। अब नई पहचान से उन्हें समस्याएं नहीं रहेंगी। अभी 28 आवेदन ऑनलाइन प्रक्रिया में हैं और 63 प्रकरणों की जांच जारी है।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया से पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र जारी करने में जयपुर देशभर में आगे है। इस पूरी प्रक्रिया में विस्थापितों को प्रोत्साहित एवं सहयोग करने वाली संस्था निमित्तकम के जय आहूजा ने बताया कि सभी पाक विस्थापितों के लिए भारत का नागरिक बनना जीवन का बड़ा सपना था जो पूरा हुआ।

इन्हें मिली नागरिकता बुधवार को भारतीय नागरिकता पाने वालों में इंद्रराम, रमेश, मुकेश, सिमित्री, अमिताभ, राजेश कुमार, नंदलाल, कविता, किशोर कुमार, मूली, दिवाना, सुखी, निर्मला बाई, प्रियांशी, विजय, नरेश, भागचंद, सोनिया, सांवल दास, मोना कुमारी एवं नोमी शामिल रहे।

 

 

Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.