Jodhpur News । उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश के चमोली गांव और इसके आस पास दो दिन पहले हुई बर्फबारी के असर से प्रदेश के मौसम में परिवर्तन आने लगा है। इसके असर से मारवाड़ में गुलाबी ठंड होने लगी है। दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ हल्की ठंडक महसूस की जाने लगी है। माह के अंत तक सर्दी का आगमन हो जाने की संभावना बलवती बनी है। इस बार सर्दी की ऋतु भी लंबी खींचने के आसार बने है।
प्रदेश में मानसून की विदाई 15 दिन पहले हो गई थी। वहीं कुछ दिनों पहले सूर्यनगरी सहित प्रदेश में कई स्थानों पर बेमौसम बारिश भी हुई थी। इससे भी वातावरण में ठंडक हो गई। अब उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश में मौसम की पहली बर्फबारी चमोली गांव और इसके आस पास दो दिन पहले हुई थी। जिसके असर से प्रदेश के मौसम में परिवर्तन आ गया। मारवाड़ में जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर सिरोही एवं जोधपुर में रात्रि का तापमान 8 डिग्री तक गिर गया है। इन जगहों पर अब रात्रि का तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया है। इससे गुलाबी ठंड का असर बढ़ गया है। वहीं अलसुबह भी कुछ ऐसे ही हालात बने है। अलसुबह निकलने वाले लोग गर्म लबादे में भी नजर आने लगे है।
दिन में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोत्तरी रहती है। जिससे गुलाबी ठंड का असर भी महसूस नहीं किया जा सकता है। अलबत्ता सुबह व रात को असर देखा जा सकता है। दिन का तापमान शहर में आज 25 डिग्री तक बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में सर्दी का जोर बढ़ सकता है। उत्तरी भारत में होने वाली बर्फबारी और बारिश से सर्दी का असर बढ़ेगा।