जहाजपुर / स्वस्तिधाम मे हुआ किसान सम्मेलन संतो ने बताया जैविक खेती और गोपालन का महत्व

liyaquat Ali
4 Min Read

Jahazpur News(आजाद नेब ) : कस्बे में नवनिर्मित ऐतिहासिक स्वस्तिधाम परिसर में चल रहे आठ दिवसीय श्री 1008 मुनिसुव्रतनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्वशांति महायज्ञ के छठे दिन बुधवार को ज्ञान कल्याणक संस्कार महोत्सव के तहत गोपालक एवं किसान सम्मेलन का यादगार आयोजन हुआ। प्रदेशभर से काफी संख्या में किसान परिवार इस कार्यक्रम का हिस्सा बने।

सम्मेलन को आचार्य ज्ञान सागर महाराज व स्वस्तिधाम की प्रणेता आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ने संबोधित किया। आचार्य ज्ञान सागर महाराज ने कहा कि वर्तमान परिवेश में पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव व नई पीढ़ी का भारतीय संस्कृति से अपरिचित होना चिंता का विषय है। शुद्ध खान पान अब पहले जैसा नहीं रहा। यूथ तो फास्टफूड का शौकिन होता जा रहा है और यहीं बिगड़ता खान पान ही केंसर सहित कई जानलेवा बीमारियों को न्यौता दे रहा है। महाराजश्री ने कहा कि केंसर जैसी घातक बीमारियों से निजात के लिए देश में जैविक खेती के साथ-साथ गोपालन को बढ़ावा देना आज की प्रमुख आवश्यकता है।

आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ने कहा कि दुधारू गोवंश के अलावा बगैर दूध देने वाली गाय, बछड़े, बेल भी प्रकृति व पर्यावरण के लिए मित्र है। इतना ही नहीं अगर गोवंश नहीं बचेगा तो भारतीय संस्कृति भी नही रहेगी। ऐसे में भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए गोपालन को बढ़ावा दिया जाए। ऐसा होने पर हमें शुद्ध दूध, घी मिलेगा और जैविक खेती होने से शुद्ध खानपान मिल सकेगा।

आर्यिका माताजी ने कहा कि रसायनिक खादों का खेत में बढ़ता प्रयोग बीमारियों की जड़ है और स्वस्थ रहने के लिए जैविक खेती की ओर लौटना होगा। इस दौरान शक्करगढ़ के महामंडलेश्वर जगदीशपुरी महाराज, पंचकल्याणक आयोजन महोत्सव समिति जहाजपुर के अध्यक्ष विनोद जैन टोरड़ी व महामंत्री ज्ञानेंद्र जैन, मनोज जैन आदिनाथ, विनोद कुमार जैन, पवन सोनी, अशोक बडजात्या, दानमल जैन सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं व किसान परिवार मौजूद रहे।

अध्यक्ष विनोद जैन टोरड़ी ने बताया कि जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्वशांति महायज्ञ 7 फरवरी तक चलेगा। कार्यक्रम में भीलवाड़ा, कोटा, उदयपुर, चित्तोड़, जयपुर, देवली, टोंक, निवाई सहित देशभर से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं भाग ले रहे है।

सुबह से रात तक हुए आयोजन

आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद जैन टोरड़ी ने बताया कि ज्ञान कल्याणक संस्कार महोत्सव के तहत सुबह मूलनायक अभिषेक एवं शांतिधारा, जाप अनुष्ठान, प्रवचन के अलावा महामुनिसुव्रतनाथ का प्रथम आहार हुआ। इसके बाद मंत्राराधना, तिलकदान, अधिवासना, मुखोद्घाटन, प्राण प्रतिष्ठा सूरिमंत्र, केवल ज्ञानोत्पत्ति, शेष मुनिराजों की संस्कार विधि, शाम को गुरूभक्ति, मंगल आरती व शास्त्र सभा व रात 8 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।

गोपालन व खान मंत्री प्रमोद भाया आज करेंगे शिरकत

आयोजन समिति के प्रचार-प्रसार प्रभारी मनोज जैन आदिनाथ ने बताया कि पंच कल्याणक महोत्सव व विश्वशांति यज्ञ में गुरूवार को खान व गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। मंत्री प्रमोद जैन सुबह 9 बजे जहाजपुर पहंुचेंगे और जैन संतों का आशीर्वाद लेकर पंचकल्याण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.