ईआरसीपी पर जुबानी जंग अब सड़कों पर पहुंची, कांग्रेस का आज जयपुर सहित 13 जिलों में प्रदर्शन

Sameer Ur Rehman
5 Min Read

ईस्टर्न कैनल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग

जयपुर। राजस्थान के 13 जिलों को जोड़ने वाली ईस्टर्न कैनाल परियोजना (ईआरसीपी) को लेकर पिछले कई दिनों से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और कांग्रेस नेताओं के बीच चल रही जुबानी जंग अब सड़क तक पहुंच गई है। ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने हल्ला बोल दिया है। इसी कड़ी में आज प्रदेश कांग्रेस की ओर से ईस्टर्न कैनाल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। राजधानी जयपुर सहित 13 जिलों में आज एक साथ प्रदर्शन करके केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।

जयपुर में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

इधर पिस्टन कैनाल परियोजना को लेकर राजधानी जयपुर में सुबह 11बजे कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन होगा जिसमें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, जयपुर शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास, महेश जोशी सहित कई कार्यकर्ताओं और नेता इसमें शामिल होंगे।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट के तहत चंबल और उसकी सहायक नदियों के पानी को नहर द्वारा राजस्थान के 13 जिलों की प्यास बुझाने एवं सिंचाई के लिए पहुंचाया जाना है।

इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी किया था। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान से 25 सांसद जीतने के बावजूद भी केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है, उल्टे केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का प्रधानमंत्री के वादे से ही इंकार कर रहे हैं।

डोटासरा ने कहा कि इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा मिलना राजस्थान वासियों का हक है किंतु केंद्र में बैठी मोदी सरकार प्रदेश की की आठ करोड़ जनता के साथ वादाखिलाफी कर रही है। इसीलिए अब जनता की आवाज बनने के लिए कांग्रेस पार्टी को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

टोंक घंटाघर पर प्रदर्शन

पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना में शामिल नही करने के विरोध में टोंक में आज कांग्रेस कमेटी ने घंटाघर चौराहे पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का पुतला फूंका। राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप बताया कि लोकसभा में प्रदेश से भाजपा के 25 सांसद जीतने व राजस्थान के सांसद व केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के होने के बावजूद भी इस परियोजना का राष्ट्रीय परियोजना में केंद्र सरकार द्वारा दर्जा नही दिया जा रहा है। केन्द्र सरकार ने राजस्थान की जनता से विश्वासघात किया है। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना में दर्जा मिलना राजस्थान की जनता का अधिकार है। उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की है कि जल्द से जल्द पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना में दर्जा मिले। प्रदर्शन के दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गाता,सरपंच संघ उपाध्यक्ष हंसराज फागणा, जेबा खान,हंसराज गाता, अरशद चिश्ती,रामसिंह मुकुल,मोहम्मद एहसान बाबा, महावीर तोगड़ा,अब्दुल खालिद, रामलाल संडीला , फरीद भाई टोपीवाले सहित कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

इन 13 जिलों में होगा प्रदर्शन

वही ईस्टर्न कैनाल परियोजना को लेकर जिन 13 जिलों में आज प्रदर्शन होगा उनमें झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, अजमेर, टोंक, जयपुर, दौसा, करौली, अलवर, भरतपुर और धौलपुर जिले हैं। गौरतलब है कि ईस्टर्न कैनल परियोजना को लेकर पिछले कई दिनों से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्य के जलदाय मंत्री महेश जोशी के बीच ट्विटर वॉर हो चुका है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी ट्विटर के जरिए निशाना साध चुके हैं।

 

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/