ईडी के खिलाफ 21 जुलाई को जयपुर में  ईडी कार्यालय के बाहर होगा धरना: डोटासरा,मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को भी नसीहत,सोच समझ कर देना चाहिए बयान

There will be a sit-in outside the ED office in Jaipur against the ED on July 21 Dotasara, Minister Rajendra Singh Gudha should also be advised,

जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की 21 जुलाई को दिल्ली में ईडी के सामने पेशी के विरोध में कांग्रेस अब हमलावर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ 2 दिन हल्ला बोल किया जाएगा। 21 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस की ओर से ज्योति नगर स्थित ईडी कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा और 22 जुलाई को सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसका फैसला आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।

बैठक में ईस्टर्न कैनाल परियोजना के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है।बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि ईडी लगातार कांग्रेस के नेताओं को परेशान कर रही है, पहले राहुल गांधी से लगातार पूछताछ की गई और अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुलाकर परेशान किया जा रहा है। इसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस की ओर से 21 जुलाई को ईडी कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा।

ईआरसीपी के समर्थन में चलेगा हस्ताक्षर अभियान

 प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि 22 जुलाई के बाद प्रदेश के 13 जिलों में ईस्टर्न कैनाल परियोजना के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। पहले विधानसभा क्षेत्र में इसकी शुरुआत करेंगे, उसके बाद निचले स्तर पर अभियान चलेगा।

 मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को बयानबाजी से बचने की नसीहत 

मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा से शुक्रवार को मंत्री धारीवाल को लेकर की गई बयानबाजी के बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को नसीहत दी है। डोटासरा ने कहा कि राजेंद्र गुढ़ा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस आलाकमान के बनाए हुए मंत्री है, उनसे इस तरह की उपेक्षा नहीं की जाती। इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।डोटासरा ने सभी से आग्रह किया है किसी के भी खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करनी चाहिए यह गलत बात है, उम्मीद करता हूं कि भविष्य में इस तरह की टिप्पणी कोई नहीं करेगा। गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में  मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि वे कांग्रेस कल्चर के आदमी नहीं है,साथ ही उन्होंने वरिष्ठ मंत्री धारीवाल को लेकर कहा था कि धारीवाल का अलाईमेंट बिगड़ा हुआ है जिसे ठीक करने की जरूरत है।

गैरहाजिर रहे पदाधिकारियों पर भड़के

 वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा आज प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में गैरहाजिर रहे पदाधिकारियों पर भड़के। डोटासरा ने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण बैठक होने के बावजूद भी कई पदाधिकारी बैठक में बिना सूचना के दिए गैर हाजिर है। उन्होंने कहा कि बैठक की जानकारी कांग्रेस आलाकमान को भेजी जाएगी और बताया जाएगा कि बैठक में कौन-कौन पदाधिकारी गैर हाजिर है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पदाधिकारी अनुपस्थित रहता है तो होता है तो पहले सूचना देनी चाहिए।

जल्द घोषित होगी कार्यकारिणी 

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि 14 जिलों में संगठन की कार्यकारिणी भी अगस्त में घोषित कर देंगे। इसके साथ ही 2200 मंडल बनेंगे, संगठन का 50 फ़ीसदी काम पूरा हो चुका है।