जयपुर।
प्रदेश में बनने वाली कांग्रेस की नई गहलोत सरकार का राजतिलक समारोह प्रदेशभर में दिखाया जाएगा। इसके लिए कांगेस की ओर से प्रदेशभर में विभिन्न इलाकों में 300 स्क्रीन लगाई गई है। हर जिले में स्क्रीन पर शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। सोमवार को अल्बर्ट हॉल पर आयोजित होने वाले इस समारोह में निवर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शिरकत करेंगी।
अशोक गहलोत और सचिन पायलट मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले से सोमवार को सुबह 9 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय जाएंगे। वहां से दोनों नेताओं को तिलक लगाकर अल्बर्ट हॉल के लिए रवाना किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस ने राजधानी जयपुर और सभी जिला मुख्यालयों समेत प्रदेश में 300 स्क्रीन लगवाई है। इन स्क्रीन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन को शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अशोक गहलोत के बाद दोपहर में पीसीसी चीफ सचिन पायलट भी अल्बर्ट हॉल पहुंचे।
राहुल गांधी समेत अन्य दलों के नेता होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में महागठबंधन में शामिल अन्य दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, मायावती, शरद यादव, अखिलेश यादव, फारुख अब्दुल्लाए चंद्रबाबू नायडू, बदरुद्दीन अजमल, तेजस्वी यादव, एमके स्टालिन, कनीमोझी, हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी और राजू शेट्टी सहित विभिन्न पार्टियों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। समारोह में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है।