मुख्यमंत्री आवास पर आज रोजा इफ्तार कार्यक्रम, प्रदेशभर से जुटेंगे रोजेदार 2 साल के बाद सीएम हाउस में इस बार हो रहा रोजा इफ्तार कार्यक्रम

Sameer Ur Rehman
2 Min Read

जयपुर। पवित्र रमजान माह के दौरान इस बार कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद जगह-जगह रोजा इफ्तार पार्टियों का आयोजन हो रहा है। हाल ही में राजस्थान हज कमेटी की ओर से आयोजित हुए रोजा इफ्तार कार्यक्रम के बाद आज मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रोजेदारों को इफ्तार पार्टी दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री आवास पर होने जा रहे रोजा इफ्तार कार्यक्रम 2 साल के बाद होने जा रहा हैं। पूर्व में लगातार दो बार कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच इफ्तार कार्यक्रम नहीं हुए थे। मुख्यमंत्री आवास पर आज शाम 6 बजे से रोजेदार जुटना शुरू होंगे और शाम 7 बजकर पांच मिनट पर इफ्तार किया जाएगा।

इफ्तार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मंत्रिमंडल के तमाम सदस्य, विधायक, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में प्रदेशभर से रोजेदार मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे। जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रोजेदारों का अपने आवास पर स्वागत करेंगे।

रोजा इफ्तार के बाद मुख्यमंत्री आवास में ही रोजेदारों के लिए नमाज अदा करने का भी प्रबंध किया गया है, जहां नमाज के बाद रोजेदार देश-प्रदेश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ करेंगे। इससे पहले गुरुवार को राजस्थान हज कमेटी की ओर से आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने शिरकत की थी।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/