राज्यसभा चुनावः मंत्री विश्वेंद्र सिंह को दिया नाराज विधायकों को मनाने का जिम्मा, आज मुख्यमंत्री सो सकती है मुलाकात

Sameer Ur Rehman
3 Min Read

जयपुर। राज्यसभा चुनाव में वोटिंग से पहले कांग्रेस विधायकों की नाराजगी पार्टी नेताओं के लिए सिरदर्द बनी हुई है। कांग्रेस और सहयोगी दलों की विधायकों की नाराजगी खुलकर सामने आ चुकी है, एक ओर जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने स्तर पर नाराज विधायकों को मनाने में जुटे हुए हैं तो वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के 6 विधायकों को मनाने की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह को दी है।

मंत्री विश्वेंद्र सिंह नाराज विधायकों से संपर्क साधकर उन्हें मनाने में जुटे हुए हैं।
इन विधायकों को मिला मनाने का जिम्मा
दरअसल विश्वेंद्र सिंह को जिन विधायकों को मनाने की जिम्मेदारी दी गई है उनमें मंत्री राजेंद्र गुढ़ा, विधायक वाजिब अली, संदीप यादव, लाखन मीणा, खिलाड़ी बैरवा और गिर्राज सिंह मलिंगा शामिल हैं।

हालांकि इन सभी विधायकों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी करीबी माना जाता है, लेकिन पिछले कई माह इन विधायकों की किसी न किसी कारण को लेकर नाराजगी सामने आ चुकी है और शुक्रवार को भी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और खिलाड़ी बैरवा ने मीडिया के सामने अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी।

6 विधायकों को मनाकर उदयपुर ले जाने की जिम्मेदारी

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह को इन 6 विधायकों को मनाकर उदयपुर ले जाने की जिम्मेदारी दी है। इसीलिए अभी तक विश्वेंद्र सिंह उदयपुर नहीं पहुंचे हैं। चर्चा यह भी है कि इन विधायकों के साथ विश्वेंद्र सिंह की पहले दौर की वार्ता हो चुकी है और आज दूसरे दौर की वार्ता होगी।

मुख्यमंत्री से भी हो सकती है 6 विधायकों की मुलाकात

सूत्रों की माने तो विश्वेंद्र सिंह इन सभी 6 विधायकों की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी आज मुलाकात करा सकते हैं, जहां विधायक अपनी नाराजगी की वजह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने रखेंगे और यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद सभी छह विधायक कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह के साथ उदयपुर के लिए भी आज शाम को रवाना हो सकते हैं।

गौरतलब है कि बसपा से कांग्रेस में आए राजेंद्र गुढ़ा, वाजिब अली, संदीप यादव, लाखन मीणा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगा चुके हैं और अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे तो वहीं मुख्यमंत्री गहलोत के करीबी माने जाने वाले खिलाड़ी बैरवा और गिरिराज सिंह मलिंगा भी सरकार में अपनी उपेक्षा से नाराज हैं।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/