राजस्थान में पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू व चूरू सबसे ठंडा

liyaquat Ali
2 Min Read
File Photo - माउंट आबू

Jaipur News । उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के प्रभाव की वजह से राजस्थान के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग इसे सामान्य स्थिति ही मान रहा है, लेकिन अक्टूबर के अंत में चार साल बाद ऐसा मौका आया है, जब पारा 14 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का आकलन है कि वर्तमान परिस्थितियों में आगामी दिनों में न्यूनतम पारा 11 से 12 डिग्री तक जा सकता है। विभाग ने दीपावली पर सर्दी बढऩे तथा नवंबर के अंत तक तेज हाड़ कंपाने वाली सर्दी का दौर शुरु होने का अनुमान दिया है।

 
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के असर से सुबह-शाम के समय सर्द हवा ने सर्दी बढ़ा दी है। अब सुबह और रात के समय आमजन सर्दी से बचने के लिए शॉल, स्वेटर और गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकलने लगे हैं। सोमवार सुबह राजधानी जयपुर में मौसम साफ रहा। यहां सुबह का तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि, बीती रात प्रदेश के एकमात्र पर्वती पर्यटन स्थल माउंटआबू का तापमान 5, चूरू का तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। माउंट आबू और चूरू प्रदेश के सभी प्रमुख जगहों में से लगातार सर्द है। प्रदेश में भीलवाड़ा 10.4, श्रीगंगानगर में 13.9, पिलानी में 11.3, डबोक में 11.4, कोटा में 13.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर का 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter.