राजस्थान के 12 जिलों के 50 निकायों के नतीजों में 43 पालिका व 7 नगर परिषदों में सत्ता की चाबी निर्दलीयों के पास

Dr. CHETAN THATHERA
7 Min Read

Jaipur News । राजस्थान के 21 जिलों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए चार चरणों में हुए चुनाव के नतीजे आने के बाद हाल ही में कराए गए 50 निकायों के चुनावी नतीजों में 43 नगर पालिका और 7 नगर परिषद चुनाव में सत्ता की चाबी निर्दलीयों के पास जाती दिख रही है। हालांकि, नतीजों में शाम 5 बजे तक कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश के 12 जिलों अलवर, बारां, करौली, दौसा, भरतपुर, जयपुर, धौलपुर, श्रीगंगानगर, जोधपुर, कोटा, सवाईमाधोपुर, सिरोही जिलों में 11 दिसंबर को हुए 50 नगर निकायों में से अधिकांश के नतीजे आ गए हैं। इन जिलों की 43 नगर पालिका और 7 नगर परिषदों के 1775 वार्डों के लिए वोट डाले गए थे। चुनावों में 7249 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। इनमें से शाम 5 बजे तक भारतीय जनता पार्टी 429, बसपा 4, सीपीआई, रालोपा 1 व सीपीआईएम 2-2, कांग्रेस 506 तथा 449 निर्दलीयों ने जीत हासिल कर ली है। धौलपुर, श्रीगंगानगर, जयपुर में जहां कांग्रेस मजबूत होकर उभरी है। वहीं करौली, सवाईमाधोपुर और भरतपुर में निर्दलीयों ने बाजी मारी है।
मोटे तौर पर जयपुर जिले की 10 नगर पालिकाओं में से चौमूं, बगरु, शाहपुरा, विराट नगर सहित 6 से ज्यादा नगर पालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनता नजर आ रहा है। यहां मतदाताओं ने सत्ता की चाबी निर्दलीय प्रत्याशियों के हाथ में सौंपी है। भरतपुर के निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों को निर्दलीयों ने पीछे छोड़ दिया। 255 वार्डों में से 45 सीट भाजपा, कांग्रेस 22, बसपा एक और 187 सीटों पर निर्दलीय पार्षद चुने गए। कामां को छोडक़र शेष निकायों में निर्दलीयों ने बाजी मारी है। कुम्हेर और डीग में निर्दलीयों के सहारे कांग्रेस बोर्ड बना सकती है। यहां पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह सक्रिय हो गए हैं। इसके अलावा मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग भी एक्टिव हो गए हैं। सांसद रंजीता कोली के गृह शहर बयाना से भाजपा को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा है। यहां उनके मनमुताबिक ही टिकट बांटे गए थे। बयाना में 35 में भाजपा को केवल 3 सीटें ही मिली हैं। वैसे यहां कांग्रेस थोड़ी बेहतर स्थिति में है। कांग्रेस को 7 वार्डों से जीत मिली है। बोलबाला निर्दलीयों का है। निर्दलीय 25 सीटों पर जीते हैं।
धौलपुर नगर परिषद में भी निर्दलीयों ने कांग्रेस व भाजपा का गणित बिगाड़ दिया है। यहां कांग्रेस व भाजपा के 22-22 पार्षद चुनाव जीते, 15 निर्दलीय प्रत्याशी व एक बीएसपी ने सीट हासिल की है। राजाखेड़ा नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है। 20 वार्डों में कांग्रेस ने परचम फहराया है। भाजपा 11 वार्डों में सिमट गई है। वहीं एक वार्ड में बसपा और 3 में निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं। बाड़ी नगरपालिका में कांग्रेस 26, भाजपा 3 और निर्दलीय 16 पर जीते हैं। सवाईमाधोपुर नगर परिषद में 27 कांग्रेस, 22 भाजपा, 10 निर्दलीय, एक सीट सीपीआई जीती है। गंगापुर सिटी नगर पालिका में 60 सीटों पर भाजपा, 27 पर कांग्रेस 21 पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की। यहां वार्ड नंबर 48 में भाजपा और निर्दलीय के बीच टाई हुआ। इस पर लॉटरी से फैसला हुआ, जिसमें निर्दलीय विकास गुप्ता ने जीत हासिल की।
श्रीगंगानगर के 8 नगर पालिका में चुनाव हुए, जिसमें चार में कांग्रेस व 2 में भाजपा जीती है। पिछले चुनाव में दो नगरपालिकाओं में अध्यक्ष बनाने वाली कांग्रेस को इस बार चार पालिकाओं केसरीसिंहपुर, श्रीकरणपुर, पदमपुर और गजसिंहपुरा में पूर्ण बहुमत मिला है। वहीं पिछले चुनाव में 6 पालिकाओं में बोर्ड बनाने वाली भाजपा को फिलहाल अनूपगढ़ और सादुलशहर में ही स्पष्ट बहुमत मिला है। रायसिंहनगर में भाजपा बहुमत के नजदीक है।
करौली नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस 15, भाजपा 15, निर्दलीय 25 सीटों पर जीते हैं। यहां निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में हैं। हिंडौन नगर परिषद चुनाव में 60 सीटों में भाजपा ने 18, कांग्रेस 13, बसपा एक और निर्दलीय 28 पर चुनाव जीते हैं। टोडाभीम नगर पालिका चुनाव में 25 सीटों में से भाजपा 5, कांग्रेस 14, छह निर्दलीयों ने चुनाव जीता है। जोधपुर जिले के बिलाड़ा में 35 सदस्यों वाले नगर पालिका बोर्ड में भाजपा ने 18 सीट पर जीत हासिल कर बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं पीपाड़ में अब तक घोषित 25 नतीजों में से 15 सीट हासिल कर कांग्रेस बहुमत हासिल करने की तरफ बढ़ रही है। कोटा जिले में इटावा व रामगंजमंडी निकाय चुनाव में इटावा में बीजेपी ने कांग्रेस को शिकस्त देते हुए 35 में से 16 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस को 10 ही सीट मिल पाईं। 9 निर्दलीय चुनाव जीते हैं। रामगंजमंडी नगर पालिका में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है। कांग्रेस को 40 में से 20 सीटों पर जीत मिली है जबकि बीजेपी के खाते में 13 सीट गई है। 7 निर्दलीयों ने बाजी मारी है।

अब अध्यक्ष पद के लिए मतदान 20 को

अध्यक्ष के लिए 14 दिसंबर को लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र 15 दिसंबर अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा की तिथि 16 दिसंबर को होगी, जबकि 17 दिसंबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 17 दिसंबर को किया जाएगा। अध्यक्ष के लिए मतदान 20 दिसंबर को प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा, जबकि मतगणना मतदान समाप्ति के तुरन्त बाद होगी। इसी तरह उपाध्यक्ष के लिए निर्वाचन 21 दिसंबर को होगा।
Share This Article
Follow:
चेतन ठठेरा ,94141-11350 पत्रकारिता- सन 1989 से दैनिक नवज्योति - 17 साल तक ब्यूरो चीफ ( भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़) , ई टी राजस्थान, मेवाड टाइम्स ( सम्पादक),, बाजार टाइम्स ( ब्यूरो चीफ), प्रवासी संदेश मुबंई( ब्यूरी चीफ भीलवाड़ा),चीफ एटिडर, नामदेव डाॅट काम एवं कई मैग्जीन तथा प समाचार पत्रो मे खबरे प्रकाशित होती है .चेतन ठठेरा,सी ई ओ, दैनिक रिपोर्टर्स.कॉम