जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर राजस्थान को अपराधों की राजधानी करार दिया है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार कानून व्यवस्था के नाम पर अपना इकबाल खत्म कर चुकी है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि राज्य में 6 लाख 14 हजार मुकदमे दर्ज है। कानून व्यवस्था के नाम पर गहलोत सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। दुष्कर्म समेत गंभीर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे लगता है कि सरकार का इकबाल खत्म हुआ है।
दुष्कर्म की घटनाओं ने राजस्थान को शर्मसार किया है। पूनियां ने केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के एक ट्वीट का उदाहरण देते हुए बताया कि एक तरफ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नारी शक्ति को सम्मानित किया जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ थानों में ही महिलाओं के साथ रेप हो रहे हैं। यह राजस्थान के कानून व्यवस्था की बानगीभर है। इस लिहाज से यदि राजस्थान को अपराधों की राजधानी कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।